बुधवार, 9 सितंबर 2026

811. जीवन जाल (10 सेदोका)

जीवन जाल 

***

1. 
जीवन जाल 
जो सुलझे न कभी  
ऐसा यह जंजाल 
मिलता नहीं 
कोई ओर या छोर 
न रास्ता किसी ओर।

2.
तमाम उम्र 
अभिनय में बीता
सच कोई न जाना, 
मुख पे हँसी 
मन में व्याप्त पीड़ा  
कौन समझ पाया?

3. 
जीवन स्वाँग
पल-पल गँवाया  
जीवन हुआ व्यर्थ 
जी नहीं सकी  
अंत समय आया 
मन है पछताया।  

4.
वक़्त देखता  
टकटकी लगाए 
अपना हर खेल, 
उसे है पता 
किसी का न चलता 
उसपे कोई ज़ोर।    

5. 
चौसठ कला 
लगे चौसठ दिन  
गुरु संदीपनी ने 
सिखाई कला 
कृष्ण और सुदामा 
बलराम भी साथ।  
  
6.
मेरी सहेली  
नहीं है तू अकेली 
साथ है छाया तेरी  
साहस रख  
मत छोड़ना आस 
रखना तू विश्वास।  

7. 
सुन्दर जग 
बेजोड़ शिल्पकारी 
किसने कब की थी? 
धरा-गगन 
नदिया व पहाड़ 
अजब कलाकारी। 

8.
वक़्त प्रहरी 
चौकीदारी करता 
रात हो या दिन हो, 
पर झेलता 
सबका रंजो-ग़म 
मगर न थकता। 

9.
भेष बदले  
वक़्त बहुरूपिया  
सबको भय दिखा 
ठठाके हँसे 
ये नहीं नादानी  
उसकी मनमानी। 

10. 
सब्र के फल 
दुःख के पकवान 
मैंने जीभर खाए 
अंततः हारी  
जीवन बना ख़ार  
मन है तार-तार। 

-जेन्नी शबनम (8.9.2026)
__________________

सोमवार, 7 सितंबर 2026

810. प्यार (10 हाइकु)

प्यार

***

1.
रिश्ते प्यार के 
गहरे सागर-से
मोती सच्चे-से।  

2.
प्यार के नाते
सँवारते रहो तो 
कभी न खोते। 

3. 
कुछ बन्धन  
हँस-हँस के जीते 
गर प्यार हो। 

4.
ज़ख्म फूलों से 
प्यार में मिलता है 
नादान हूँ न!

5.
प्यार की नदी 
उफनती झूमती
बेपरवाह। 

6.
प्यार के रिश्ते 
थोड़े-थोड़े कच्चे-से 
पकने तक। 

7.
प्यार के रिश्ते 
इठलाते रहते 
बारहों मास। 

8.
प्यार की ऋतु
कभी न बदलती 
कहीं न जाती। 

9.
टिमटिमाते 
काले अँधेरों में भी 
प्यार जुगनू। 

10.
प्यार की ख़ुश्बू   
चहूँ ओर पसरे 
दिशा न देखे। 

-जेन्नी शबनम (27.9.2012)
___________________