रविवार, 30 जून 2024

778. ज़िन्दगी बौनी (10 ताँका)

ज़िन्दगी बौनी (10 ताँका)

*** 


1.
दहलीज़ पे
बैठा राह रोकके 
औघड़ चाँद 
न आ सका वापस 
मेरा दर्द या प्रेम।

2.
ज़िन्दगी बौनी
आकाश पे मंज़िल
पहुँचे कैसे?
चारों खाने चित है
मन मेरा मृत है।

3.
गहन रात्रि
सुनसान डगर
किधर चला?
मेरा मन ठहर
थम जा तू इधर।

4.
तुम्हारा स्पर्श
मानो जादू की छड़ी
छूकर आई
बादलों को प्यार से 
ऐसी ठण्डक पाई।

5.
ग़ायब हुए
सिरहाने से ख़्वाब
छुपाया तो था
काल की नज़रों से,
चोरी हो गए ख़्वाब 

6.
कोई न सगा 
सब देते हैं दग़ा
नहीं भरोसा,
अपना या पराया
दिल मत लगाना। 

7.
मैंने कुतरे
अपने बुने ख़्वाब
होके लाचार,   
पल-पल मरके
मैंने रचे थे ख़्वाब।  
   
8.
मैं गुम हुई
मन की कंदराएँ
बेवफ़ा हुईं,
कोई तो होगी युक्ति   
जो मुझे मिले मुक्ति।  

9. 
मेरे सपने 
आसमाँ में जा छुपे 
मैं कैसे ढूँढूँ? 
पाखी से पंख लिए  
सूर्य ने है जलाए।  

10. 
मेरी तिजोरी
जिसे छुपाया वर्षों
हो गई चोरी
जहाँ ख़ुशियाँ मेरी
छुपी रही बरसों।

-जेन्नी शबनम (20.6.24)
_________________

शुक्रवार, 21 जून 2024

777. खण्डहर (10 क्षणिका)

खण्डहर 

***

1.
खण्डहर होना 
*** 
न समय के, न समाज के ध्यान में होता है
मन का खण्डहर होना
सिर्फ़ मन के संज्ञान में होता है।

2.
खण्डहर में तब्दीली
*** 
खण्डहर में तब्दीली का उम्र से नाता नहीं
सिर्फ़ समय का नाता है
कभी एक पल लगता है, तो कभी कई जन्म।

3.
खण्डहर की पीड़ा  
***
खण्डहर की पीड़ा खण्डहर जाने
नए महलों को मालूम नहीं होता 
सबका भविष्य एक ही जैसा है 
समय कभी किसी को नहीं बख़्शता है।

4.
खण्डहर बनना 
*** 
शरीर का खण्डहर बनना ज़माना देखता है
पर मन पुख़्ता है, कोई नहीं देखता
शरीर के साथ मन भी तिरस्कृत होता है
साबुत मन उम्र भर, टूटे जिस्म को ढोता है। 

5.
खण्डहर की आस 
***
समय के साथ सब छिन्न-भिन्न हो जाता है 
खण्डहर आस लगाए है
कि उसके गौरवशाली इतिहास का कोई साक्षी
उसके ख़ुशहाल अतीत की गवाही दे
और अदालत का फ़ैसला उसको सुनाई दे। 

6.
खण्डहर का ख़ास पल  
***
कई बार मन ख़ास पल में साँस लेता है
उसके खण्डहर तन में वह ख़ास पल
मृत्योपरान्त भी जीता है
ऐसा लगता है मानो शरीर बीता है 
मगर वह पल नहीं बीता है। 

7.
खण्डहर की चाह 
***
मन ध्वस्त हो जाता है
तन खण्डहर हो जाता है
परवाह नहीं कि जीवन कितना, मृत्यु कब
पर एक चाह है, जो जाती नहीं
कोई आए, हाल पूछे, ज़रा बैठे
साथ न दे, साथ का भरोसा ही दे।

8.
खण्डहर के मालिक
*** 
महल की ख़ूबसूरती उसका दोष है
उसके हज़ारों टुकड़े किए मिटाने के लिए
खण्डहर में तब्दील होने के गवाहों ने
तमाशा देखा, सुकून पाया
खण्डहर के ख़ज़ानों की बोली लगी है 
अब सारे तमाशबीन खण्डहर के मालिक हैं।

9.
खण्डहर बना देता है 
***
समय के चक्र से 
उम्र के उतार पर खण्डहर बनना जायज़ है   
पर उम्र की भरी दुपहरी में 
साबुत बदन को नोच-नोचकर 
नरभक्षी बना काल 
मन को एक झटके में खण्डहर बना देता है  
नियति स्तब्ध है, विक्षुब्ध है। 

10.
खण्डहर भी प्यार है
*** 
किसी भी खण्डहर में एक-न-एक फूल खिल जाता है
मौसम ज़िन्दगी पैदा करता है, पत्थर में साँसे भरता है
इन्सान भूल जाता है, जब खण्डहर जीवित था
उसका प्यार, दुलार, अधिकार था
उसके रिश्तों का आधार था
अगर कभी याद आए तो खण्डहर के अतीत में
अपने दम्भ को याद करने जाता है
इसे मैंने मारा है सोचकर मुस्कुराता है
पर मौसम के लिए खण्डहर भी प्यार है
उसके लिए अब भी एक नक्शा है, एक आकार है।

-जेन्नी शबनम (21.6.24)
__________________

बुधवार, 12 जून 2024

776. कशमकश

कशमकश

*** 

रिश्तों की कशमकश में ज़ेहन उलझा है
उम्र और रिश्तों के इतने बरस बीते 
मगर आधा भी नहीं समझा है
फ़क़त एक नाते के वास्ते
कितने-कितने फ़रेब सहे
बिना शिकायत बिना कुछ कहे
घुट-घुटकर जीने से बेहतर है 
तोड़ दें नाम के वे सभी नाते
जो मुझे बिल्कुल समझ नहीं आते।

- जेन्नी शबनम (12.6.2021)
____________________