बुधवार, 27 जनवरी 2021

710. भोर की वेला (भोर पर 7 हाइकु)

भोर की वेला 

******* 

1. 
माँ-सी जगाएँ   
सुनहरी किरणें   
भोर की वेला।   

2. 
पाखी की टोली   
भोरे-भोरे निकली   
कर्म निभाने।   

3. 
किरणें बोलीं -   
जाओ, काम पे जाओ   
पानी व पाखी।   

4. 
सूरज जागा   
आँख मिचमिचाता   
जग भी जागा।   

5. 
नया जीवन,   
प्रभात रोज़ देता   
शुभ संदेश।   

6. 
मन सोचता -   
पंछी-सा उड़ पाता   
छूता अंबर।   

7. 
रोज रँगता   
प्रकृति चित्रकार   
अद्भुत छटा।   

- जेन्नी शबनम (24. 1. 2021) 
________________________

बुधवार, 20 जनवरी 2021

709. बात इतनी सी है

बात इतनी सी है 

******* 


चले थे साथ बात इतनी सी है   
जिए पर तन्हा बात इतनी सी है।   

वे मसरूफ़ रहते तो बात न थी   
मग़रूर हुए बात इतनी सी है।   

मुफ़लिसी के दिन थे पर कपट न की   
ग़ैरतमंद हूँ बात इतनी सी है।   

झूठे भ्रम में जीया जीवन मैंने   
कोई न अपना बात इतनी सी है।   

हमदर्द नहीं होता कोई यहाँ   
सब है छलावा बात इतनी सी है।   

ख़ुद से हर ग़म बाँटा ऐ मेरे ख़ुदा   
तुम भी हो ग़ैर बात इतनी सी है।   

सोच समझके अब तुम बोलना ‘शब‘   
जग है पराया बात इतनी सी है।   

- जेन्नी शबनम (20. 1. 2021) 
_________________________

सोमवार, 11 जनवरी 2021

708. आकुल (5 माहिया)

आकुल 

******* 

1. 
जीवन जब आकुल है   
राह नहीं दिखती   
मन होता व्याकुल है।   

2. 
हर बाट छलावा है   
चलना ही होगा   
पग-पग पर लावा है।   

3. 
रूठे मेरे सपने   
अब कैसे जीना   
भूले मेरे अपने।   

4. 
जो दूर गए मुझसे   
सुध ना ली मेरी   
क्या पीर कहूँ उनसे।   

5. 
जीवन एक झमेला   
सब कुछ उलझा है   
यह साँसों का खेला।   

- जेन्नी शबनम (10. 1. 2021)
_______________________

गुरुवार, 7 जनवरी 2021

707. कम्फ़र्ट ज़ोन से बाहर (पुस्तक- नवधा)

कम्फ़र्ट ज़ोन से बाहर 

*** 

कम्फ़र्ट ज़ोन से बाहर   
जोखिमों की लम्बी क़तार को   
बच-बचाकर लाँघ जाना   
क्या इतना आसान है   
बिना लहूलुहान पार करना? 
  
हर एक लम्हा संघर्ष है   
क़दम-क़दम पर द्वेष है   
यक़ीन करना बेहद कठिन है   
विश्वास पल-पल दम तोड़ता है   
सरे-आम लुट जाते हैं सपने   
ग़ैरों से नहीं अपनों से मिलते हैं धोखे   
कोई कैसे कम्फ़र्ट ज़ोन से बाहर आए?
   
कम्फ़र्ट ज़ोन की सुविधाएँ   
नि:संदेह कमज़ोर बनाती हैं   
अवरोध पैदा करती हैं   
मन के विस्तार को जकड़ती हैं   
संभावनाओं को रोकती हैं। 
  
परन्तु कम्फ़र्ट ज़ोन के बाहर   
एक विस्तृत संसार है   
जहाँ संभावनाओं के ढेरों द्वार हैं   
कल्पनाओं की सीढ़ियाँ हैं   
उत्कर्ष पर पहुँचने के रास्ते हैं। 
  
चुनने की समझदारी विकसित कर   
शह-मात से निडर होकर   
चलनी है हर बाज़ी   
विफलता मिले तो रुकना नहीं   
ठोकरों से डरना नहीं   
बेख़ौफ़ चलते जाना है   
रास्ता अनजान है मगर   
संसार को परखना है   
ख़ुद को समझना है   
ताकि रास्ता सुगम बने  
कामनाओं की फुलवारी से   
मनमाफ़िक फूल चुनना है   
जो जीवन को सुगन्धित करे।
   
अब वक़्त आ गया है   
कम्फ़र्ट ज़ोन से बाहर आकर   
दुनिया को अपनी शर्तों से   
मुट्ठी में समेटकर   
जीवन में ख़ुशबू भरना है   
कम्फ़र्ट ज़ोन से बाहर आना है। 
  
याद रहे एक कम्फ़र्ट ज़ोन से   
निकल जाओ जब   
दूसरा कम्फ़र्ट ज़ोन स्वयं बन जाता है   
पर किसी कम्फ़र्ट ज़ोन को   
स्थायी मत होने दो। 

-जेन्नी शबनम (7. 1. 2021)
(पुत्री की 21वीं जन्मतिथि पर)
_____________________

मंगलवार, 5 जनवरी 2021

706. कहानियाँ (5 क्षणिका)

कहानियाँ  

*******

1.
कहानी 
***
कहानी में मैं मुझमें ही कहानी   
कहता कौन सुनता कौन   
पन्नों पर रच दी कहानी   
और मैं बन गई इतिहास।

2.
छोटी कहानी
***
छोटे-छोटे लम्हों में   
यादों की ढेरों कतरन हैं   
सबको इकट्ठाकर   
छोटी-छोटी कहानी रचती हूँ   
अकेलेपन में यादों से कहानियाँ निकल   
मेरे चेहरे पे खिल जाती हैं।   

3. 
मेरी कहानी 
***
मेरे युग के प्रारम्भ से   
मेरे युग के अंत तक की   
कथा लिख दी किसी ने   
किसने, यह नहीं मालूम   
न भाषा मालूम न लिखावट   
पर इतना मालूम है 
कहानी मेरी है।

4.
एक कहानी 
***
रात के धागे में हर रोज़   
यादों के मोती पिरोती हूँ   
हर मोती एक कहानी   
हर कहनी मेरी ज़िन्दगी   
अब सब चाँद के लॉकर में   
रख दिया है संजोकर   
जीवन के अमावस में   
ज़रूरत पड़ेगी।   

5. 
असली कहानी 
***
बचपन की कहानी बड़ी निराली   
दो पंक्तियों में पूरी कहानी   
एक था राजा एक थी रानी   
दोनों मर गए ख़तम कहानी   
तब मालूम कहाँ था   
जीने और मरने के बीच बनती है   
जीवन की असली कहानी।   

- जेन्नी शबनम (5. 1. 2021)
____________________

 

शुक्रवार, 1 जनवरी 2021

705. नूतन वर्ष (10 हाइकु)

नूतन वर्ष

*******

1. 
दसों दिशाएँ   
करती हैं स्वागत   
नूतन वर्ष।   

2. 
देकर दुःख   
बीता पुराना साल   
बेवफ़ा जैसे।   

3. 
आई द्वार पे   
उम्मीद की किरणें   
नया बरस।   

4. 
विस्मृत करें   
बीते साल की चालें   
मन के छाले।   

5. 
डर से भागा,   
आया जो नव वर्ष   
पुराना वर्ष।   

6. 
बीता बरस   
चला गया निर्मोही   
यादें देकर।   

7. 
याद आएगा   
सुख-दु:ख का साथी   
साल पुराना।   

8. 
वर्ष ज्यों बीता   
वक्त के पिंजड़े से   
फुर्र से उड़ा।   

9.
बड़ा सताया   
किसी को न बिसरा   
गुज़रा साल।   

10. 
आशा का दीप   
लेकर आया साल   
मन सजाओ। 

- जेन्नी शबनम (1. 1. 2021)

________________________