प्यारी नदियाँ (36 हाइकु)
***
1.
नद से मिली
भोरे-भोरे किरणें
छटा निराली।
2.
गंगा पावन
नहीं होती अपावन
भले हो मैली।
3.
नदी की सीख-
हर क्षण बहना
नहीं थकना।
4.
राजा या रंक
सबके अवशेष
नदी का अंक।
5.
सदा हरती
गंगा पापहारिणी
जग के पाप।
6.
नदी का धैर्य
उसकी विशालता,
देती है सीख।
7.
दुःखहारिणी
गंगा निर्झरनी
पापहारिणी।
8.
अपना प्यार
बाँटती धुआँधार
प्यारी नदियाँ।
9.
सरिता-घाट
तन अग्नि में भस्म
अन्तिम सत्य।
10.
सबके छल
नदी है समेटती
कोई न भेद।
11.
सरजू-तीरे
महाकाव्य-सर्जन
तुलसीदास।
12.
तड़पी नदी
सागर से मिलने,
मानो हो पिया।
13.
बेपरवाह
मिलन को बेताब
नदी बावरी।
14.
सिन्धु से मिली
सर्प-सी लहराती
नदी लजाती।
15.
नदियाँ प्यासी
प्रकृति का दोहन
इन्सान पापी।
16.
तीन नदियाँ
पुराना बहनापा
साथ फिरतीं।
17.
बढ़ी आबादी
कहाँ से लाती पानी
नदी बेचारी।
18.
नदी का तट
सभ्यता व संस्कृति
सदियाँ जीती।
19.
मीन झाँकती,
पारदर्शी लिबास
नदी की कोख।
20.
खूब निभाती
वर्षा से बहनापा
साथ नहाती।
21.
बूझो तो कौन?
खाती-ओढ़ती जल
नदी और क्या!
22.
कोई न सुना
बिलखती थी नदी
पानी के बिना।
23.
नदी के तीरे
देवताओं का घर
अमृत भर।
24.
नदी बहना!
साथ लेके चल ना
घूमने जग।
25.
बाढ़ क्यों लाती?
विकराल बनके
क्यों हो डराती?
26.
चन्दा-सूरज
नदी में नहाकर
काम पे जाते।
27.
मिट जाएगा
तुम बिन जीवन,
न जाना नदी!
28.
दूर न जाओ
नदी, वापस आओ
मत गुस्साओ।
29.
डूबा जो कोई
निरपराध नदी
फूटके रोई।
30.
हो गईं मैली
बेसहारा नदियाँ
कैसे नहाए?
31.
बहती नैया
गीत गाए खेवैया
शांत दरिया।
32.
पानी दौड़ता
तटबन्ध तोड़के,
क्रोधित नदी।
33.
तुझमें डूबे
सोहनी-महिवाल
प्यार का अन्त।
34.
नदियाँ सूखी,
बदरा बरस जा!
उनको भिगा।
35.
अपनी पीर
सिर्फ़ सागर से क्यों
मुझे भी कह।
36.
मीन मरती
पी ज़हरीला पानी
नदियाँ रोती।
-जेन्नी शबनम (13.5.2021)
('अप्रमेय' (2021), डॉ. भीकम सिंह जी द्वारा संपादित पुस्तक में प्रकाशित)
______________________________________________________