शुक्रवार, 28 अगस्त 2026

809. तो मिले उपहार (5 ताँका)

तो मिले उपहार

***   

1.
राखी-त्योहार
भाई है शर्मसार
जेब है ख़ाली
कैसे ले उपहार
मँहगाई की मार।

2.
राखी है आई 
भाई है परदेस 
बहना दुःखी  
वीडियो-कॉल आया 
बहन मुस्कुराई। 

3.
स्नेह का धागा 
जोड़े रखता नाता 
भाई-बहन 
भले हों दूर-दूर 
पर प्रेम अटूट। 

4.
नन्ही बहना 
पहन के गहना 
चहक रही 
राखी पर भइया 
लाया प्यारा तोहफ़ा। 

5.
राखी त्योहार 
क्यों आता एक बार? 
बहना सोचे- 
हो हर इतवार   
तो मिले उपहार।

-जेन्नी शबनम (28.8.2026)
___________________

शनिवार, 15 अगस्त 2026

808. आज़ादी मिले

आज़ादी मिले  

*** 

जन्म से मिलती है
मृत्यु तक मिलती है
साँस लेने की आज़ादी
पलक झपकाने की आज़ादी
सोचने की आज़ादी
वैसे ही हर इंसान को मिले
समान शिक्षा और स्वास्थ्य की आज़ादी
धार्मिक पाखण्ड और कुरीतियों से आज़ादी
अपने अस्तित्व, अधिकार और आत्मसम्मान को 
बनाए रखने की आज़ादी
देश का हर नागरिक बराबर हो!
स्वतंत्रता दिवस मुबारक हो!

-जेन्नी शबनम (15.8.2026)
___________________