जन्मदिन लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
जन्मदिन लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, 16 नवंबर 2025

795. जश्न जारी है

जश्न जारी है

***


तिनके के लिए भी राह न बची
उम्मीद के दरवाज़े बंद हो गए 
खिड़की ने अपने पल्ले ठेलकर
निश्चित किया कि प्रवेश निषिद्ध  रहे।

दरवाज़े व खिड़की की झिरी से
ठण्डी-स्वच्छ हवा आती है
यहाँ की ऊबन से घबराकर  
थकी-उदास लौट जाती है।

उम्मीद की राहें बंद हुईं
पर फ़रियाद दिल की मिटी नहीं
साँसों की गिनती घटती रही
पर ख़्वाहिशें कभी मिटी नहीं।

प्रारब्ध अटल है चुकाना ही होगा
नियम तय है चलना ही होगा
समझना-समझाना सब फ़िज़ूल
हर कर्म यहाँ भुगतना ही होगा।

जीवन और साँसों का बोझ भारी है
उम्मीद हारी है पर जीवन जारी है
जाने जीने की ये कैसी लाचारी है
साँसें घटीं पर दुःख का जश्न जारी है।

बंद दरवाज़े व खिड़की के पीछे
आह की नदी एक बहती है
जब भी मन हो आकर डूब जाना
मुझसे बार-बार यह कहती है।

बंद दरवाज़े व खिड़की के पीछे
मेरी प्यासी रूह भटकती है 
उम्मीद हारी है अब जीवन की बारी है  
आह की नदी से हुई अब यारी है।

-जेन्नी शबनम (16.11.2025)
_____________________

मंगलवार, 7 जनवरी 2025

787. तुम्हें जीत जाना है

तुम्हें जीत जाना है

***


जीवन की हर रस्म निभाने का समय आ गया है
उस चक्रव्यूह में समाने का समय आ गया है
जिसमें जाने के रास्तों का पता नहीं
न बाहर निकलने का पता होता है
इस चक्रव्यूह में तय, कब कोई रास्ता होता है?
यह वह समय है, जब हर पल समझ से परे हो जाता है।

जीवन कभी आसमान की परिधि में महसूस करता है 
तो कभी आसमान से धरती पर पटक दिया जाता है
जिस समय को अपना समझते हैं
उसके द्वारा पूरा-का-पूरा वजूद झटक दिया जाता है
उल्लास से मन भीग रहा होता है 
कि अवसाद का अनदेखा साया मँडराने लगता है। 

यथार्थ के धरातल पर कुदरत की माया दिखेगी    
तभी दुश्चिंताओं की काली छाया दिखेगी  
हर स्वप्न अधूरा-सा लगेगा
जीवन अर्थहीन-सा लगेगा
सपनों का सुन्दर संसार सामने होगा
मगर ज़िम्मेदारियों से मन घबराएगा
पथ तो चुन लिया, मगर सफल न होने की सम्भावना  
मन को व्याकुल करेगी
सोचे-विचारे रास्ते, अँधेरे से घिरे दिखेंगे
न ठहरने का ठौर होगा, न रास्तों के सिरे दिखेंगे। 

राह उचित है या अनुचित
यह अपनी-अपनी तरह से सब सोचते हैं 
जीवन हमारा है, रास्ता हमें ही खोजना होता है  
जीवन के सफ़र में तय कब कोई रास्ता होता है?
अनजाना या अनचाहा हो, पर चलते हैं 
मगर जहाँ पहुँच गए, वहाँ से न रास्ते
न पथिक लौटते हैं।

यह वह समय है जब निर्णय पर सन्देह नहीं 
भरोसा करना होगा
रास्ता कच्चा हो या पक्का आगे बढ़ना होगा 
सम्भव है चुनाव ग़लत हो जाए
मन टूट जाए
पर हौसला टूटने नहीं देना है
मंज़िल इसी पर कहीं होगी
रास्ता छूटने नहीं देना है
मन जो चाहे वह करना है
काँटे तो मिलेंगे ही 
यह मानकर यह जानकार 
फूल चुनना है।

चिन्तन-मनन के बाद भी सफ़र न सुहाए
तो थमकर-सोचकर नई राह तलाशना है
दुःख को हार नहीं, हौसले में बदलना है
इस सत्य को स्वीकार करना है 
कि दिल की तरह दिन-रात केवल चलना है
एक-न-एक दिन वह समय अवश्य आएगा
जब स्वयं पर गर्व होगा
स्वाभिमान से परिपूर्ण जीवन होगा
कठिनाइयों पर विजय होगी
हार नहीं, साथ में बस साहस होगा
हर सवाल का सामने जवाब होगा
और उस दिन फिर से ज़िन्दगी का हिसाब होगा।  

प्रयास का परिणाम अवश्य सुखद होता है
जीवन सुन्दर है, सुन्दरता से सँवारना है 
स्वर्ग आज आकाश पर है तो क्या 
धरती पर उतारना है 
हर नए दिन को आनन्दमय बनाना है
जीवन से पलों का एक रिश्ता है, वह रिश्ता निभाना है
जीवन को जीवित रखना है, बेशक पलों को बीत जाना है 
यह लड़ाई है या खेल, बस तुम्हें जीत जाना है। 

-जेन्नी शबनम (7.1.2025)
(पुत्री का 25वाँ जन्मदिन)
_____________________ 

गुरुवार, 16 नवंबर 2023

768. जीकर देखना है

जीकर देखना है   

***


जीवन तो जी लिया 

कभी अपने लिए जीकर देखा क्या? 

सच ही है 

जीते-जीते जीना कब कोई भूल जाता है

कुछ पता नहीं चलता

तभी तो कोई पूछता है- 

कभी अपने लिए जीकर देखा है?

यह तो यूँ है जैसे कोई नदी से पूछे- तुमने बहकर देखा है 

बादलों से पूछे- तुमने बारिश में नहाकर देखा है 

आग से पूछे- तुमने जलकर देखा है 

सूरज से पूछे- तुमने उगकर-डूबकर देखा है 

सबकी फ़ितरत एक जैसी है 

अनवरत नियमों के साथ रहना

पर मैं क्यों प्रकृति के विरुद्ध? 

साँसें का चलना, दिल का धड़कना

यही तो नियम है

पर मैं प्रफुल्लित क्यों नहीं?

नदी-बादल-आग-सूरज 

वे तल्लीन हैं अपने बहाव में

अकेले होकर भी ख़ुश 

प्रकृति के नियमों से बँधे, सिर्फ़ अपने साथ

न कोई हड़बड़ी, न घबराहट

न कुछ छूटने का डर, न कुछ पाने की लालसा 

शायद यही जीवन है

फ़लसफ़ा भले कुछ भी हो

पर सत्य तो यही है

ये प्रवाहमय होकर दूसरों को सुख पहुँचाते हैं 

स्वयं भी आह्लादित रहते हैं। 

प्रवाहमान तो मैं भी हूँ 

पर न मैं ख़ुश हूँ, न कोई मुझसे

यह कैसा जीवन?

न अपने लिए है, न किसी के लिए

मैंने कभी जीकर क्यों न देखा?

शायद जीकर देखा होता

सिर्फ़ अपने लिए जीकर देखा होता

तो बात ही कुछ और होती 

प्रकृति ने हँसने को कहा 

मैंने जबरन हँसी ओढ़ी 

मुझसे कहा गया कि नाचूँ-गाऊँ

मैंने सिनेमा का कोई दृश्य चला दिया

सबने कहा फ़र्ज़ निभाओ

ख़ामोशी से फ़र्ज़ निभा दिया

इन सब में मैं कहाँ?

यह यायावर मन न अपना, न किसी का

शहर के बियाबान में भटककर

आकाश में एक चिनगारी ढूँढता। 

अब भी समय है

आस है तो प्राण है

प्राण है तो जीवन है

भले कुछ भी अपना नहीं 

न सगा न सखा

पर जीवन तो है

एक बार अपने लिए जीकर देखना है।


-जेन्नी शबनम (16.11.2023)
____________________

बुधवार, 16 नवंबर 2022

754. मेरा पर्स : मेरी ज़िन्दगी

मेरा पर्स : मेरी ज़िन्दगी  

***

मेरा पर्स मानो भानुमति का पिटारा है
उसमें मेरी ज़रूरत की सभी चीज़ें हैं। 
 
अनुकूल-प्रतिकूल स्थितियों में
सब कुछ बेधड़क निकल आता है
मेरी दवाओं से लेकर
बिस्किट, चॉकलेट, पानी
काग़ज़, कलम, रूमाल
और जो काग़ज़ पर आज तक उतरे नहीं 
ऐसी कई ख़याल
कुछ मास्क, सैनिटाइजर, मेट्रो कार्ड
अचानक ख़रीददारी के लिए थैले
हाँ! मुझे क्रेडिट-डेबिट कार्ड का 
इस्तेमाल करना नहीं आता
तो कुछ कैश रुपये, जिससे मेरा काम चल जाए
मेरा पहचान पत्र और देह-दान कार्ड भी है
आकस्मिक दुर्घटना के बाद अस्पताल पहुँच सकूँ
देह-दान का कार्ड 
जिसपर दो मोबाइल नम्बर लिखे हुए हैं
ताकि दान-प्रक्रिया की अनुमति देने में देर न हो। 

सोचती हूँ कि मेरी ज़रूरतें कितनी कम हैं
कफ़न और साँसें, जो मेरे पर्स में नहीं हैं
बाक़ी जीवन से मृत्यु तक के सफ़र का सामान है। 

पर्स तो बदलती हूँ पर सामान नहीं
इन सामानों के बिना जीना मुश्किल है
और मरना भी आसान नहीं
जाने कब ज़रूरत पड़ जाए
मेरे पर्स में मेरी ज़िन्दगी पड़ी है
और मृत्यु के बाद की मेरी इच्छा भी। 

-जेन्नी शबनम (16.11.2022)
(जन्मदिन)
_____________________

मंगलवार, 16 नवंबर 2021

735. हाँ! मैं बुरी हूँ

हाँ! मैं बुरी हूँ 

***

मैं बुरी हूँ   
कुछ लोगों के लिए बुरी हूँ   
वे कहते हैं-   
मैं सदियों से मान्य रीति-रिवाजों का 
पालन नहीं करती   
मैं अपने सोच से दुनिया समझती हूँ   
अपनी मनमर्ज़ी करती हूँ, बड़ी ज़िद्दी हूँ।
   
हाँ! मैं बुरी हूँ   
मुझे हर मानव एक समान दिखता है   
चाहे वह शूद्र हो या ब्राह्मण   
चाहे वह हिन्दू हो या मुसलमान   
मैं तथाकथित धर्म का पालन नहीं करती   
मुझे किसी धर्म पर न विश्वास है, न आस्था   
मुझे महज़ एक ही धर्म दिखता है- 
इन्सानी प्यार।  
 
मैं स्त्री होकर वह सब करती हूँ 
जो पुरुषों के लिए जायज़ है   
मगर स्त्रियों के लिए नाजायज़   
जाने क्यों मुझे मित्रता में स्त्री-पुरुष अलग नहीं दिखते   
किसी काम में स्त्री-पुरुष के दायित्व का 
बँटवारा उचित नहीं लगता। 
  
मैं अपने मन का करती हूँ   
घर परिवार को छोड़कर अकेले सिनेमा देखती हूँ   
अकेले कॉफ़ी पीने चाली जाती हूँ   
अपने साथ के लिए किसी से गुज़ारिश नहीं करती।  
 
भाग-दौड़ में मेरा दुपट्टा सरक जाता है   
मैं दुपट्टे को सही से ओढ़ने की तहज़ीब नहीं जानती   
दुपट्टे या आँचल में शर्म क़ैद है, यह सोचती ही नहीं। 
  
समय-चक्र के साथ मैं घूमती रही   
न चाहकर भी वह काम करती रही 
जो समाज के लिए सही है   
भले इसे मानने में हज़ारों बार मैं टूटती रही। 
  
स्त्रियाँ तो अन्तरिक्ष तक जाती हैं   
मैं घर-बच्चों को जीवन मान बैठी   
ये ही मेरे अन्तरिक्ष, मेरे ब्रह्माण्ड, मेरी दुनिया   
यही मेरा जीवन और यही हूँ मैं। 
  
जीवन में कभी कुछ किया नहीं   
सिर्फ़ अपने लिए कभी जिया नहीं   
धन उपार्जन किया नहीं   
किसी से कुछ लिया नहीं।  
 
जीवन से जो खोया-पाया लिखती हूँ   
अपनी अनुभूतियों को शब्दों में पिरोती हूँ   
जो हूँ, बस यही हूँ   
यही मेरी धरोहर है और यही मेरा सरमाया है।  
 
मैं भले बुरी हूँ   
पर रिश्ते या ग़ैर, जो प्रेम दें, वही अपने लगते हैं   
मुझे कोई स्वीकार करे या इन्कार    
मैं ऐसी ही हूँ। 
  
जानती हूँ 
मेरे अपने मुझसे बदलने की उम्मीद नहीं करते   
जो चाहते हैं कि मैं ख़ुद को पूरा बदल लूँ   
वे मेरे अपने हो नहीं सकते   
जिसके लिए मैं बुरी हूँ, तों हूँ  
अपने और अपनों के लिए अच्छी हूँ, तो हूँ।  
 
मैं ख़ुशनसीब हूँ कि मेरे अपने हज़ारों हैं   
उन्हीं के लिए शायद मैं इस जग में आई   
बस उन्हीं के लिए मेरी यह सालगिरह है। 

-जेन्नी शबनम (16.11.2021)
_____________________

मंगलवार, 17 नवंबर 2020

697. वसीयत

वसीयत   

*** 

ज़ीस्त के ज़ख़्मों की कहानी तुम्हें सुनाती हूँ   
मेरी उदासियों की यही है वसीयत   
तुम्हारे सिवा कौन इसको सँभाले   
मेरी यह वसीयत अब तुम्हारे हवाले   
हर लफ़्ज़ जो मैंने कहे, हर्फ़-हर्फ़ याद रखना   
इन लफ़्ज़ों को ज़िन्दा, मेरे बाद रखना   
किसी से कुछ न कभी तुम बताना   
मेरी यह वसीयत, मगर मत भूलाना   
तुम्हारी मोहब्बत ही है मेरी दौलत   
मेरे लफ़्ज़ ज़िन्दा हैं इसकी बदौलत।     

उस दौलत ने दिल को धड़कना सिखाया   
हर साँस पर था जो क़र्ज़ा चुकाया   
मेरे ज़ख़्मों की अब मुझको परवाह नहीं है   
लबों पे मेरे अब कोई आह नहीं है   
अगर्चे अभी भी कोई सुख नहीं है   
ग़म तुमने समझा, तो अब दुःख नहीं है।  

ग़ैरों की भीड़ में मुझको कई अपने मिले थे   
मगर जैसे सारे ही सपने मिले थे   
मुझसे किसी ने कहाँ प्यार किया था   
वार अपनों ने खंजर से सौ बार किया था   
मन ज़ख़्मी हुआ, ताउम्र आँखों से रक्त रिसता रहा   
किसे मैं बताती कि दोष इसमें किसका रहा   
क़िस्मत ने जो दर्द दिया, तोहफ़ा मान सब सहेजा   
मैंने क़दमों को टोका, क़िस्मत को दिया न धोखा   
जीवन में नाकामियों की हज़ारों दास्तान है   
हर पग के साथ बढ़ता छल का अम्बार है   
मेरी हर साँस में मेरी एक हार है।     

जीकर तो किसी के काम न आ सकी   
मेरे जीवन की किसी को कभी भी न दरकार थी   
मेरे शरीर का हर एक अंग मैंने दुनिया को दान किया   
पर कभी यह न सोचा, मैंने कोई अहसान किया   
मैं जब न रहूँ, कइयों के बदन को नया जीवन दिलाना   
बिजली की भट्टी में इसे तुम जलाना   
भट्टी में जब मेरा बदन राख बन जाएगा   
आधे राख को गंगा में वहाँ लेकर जाना 
वहीं पर बहाना   
जहाँ मेरे अपनों का जिस्म राख में था बदला   
आधे को मिट्टी में गाड़कर 
रात की रानी का पौधा लगाना   
मुझे रात में कोई ख़ुशबू बनाना   
जीवन बेनूर था, मरकर बहक लूँ   
वसीयत में यह एक ख़्वाहिश भी रख लूँ   
रात की रानी बन खिलूँगी और रात में बरसूँगी   
न साँस मैं माँगूँगी, न प्यार को तरसूँगी   
भोर में ओस की बूँदों से लिपटी मैं दमकूँगी   
दिन में बुझी भी, तो रात में चमकूँगी।     

क़ज़ा की बाहों में  
जब मेरी सुकून भरी मुस्कुराहट दिखे   
समझना मेरे ज़ीस्त की कुछ हसीन कहानी 
उसने मुझे सुनाई है   
शब के लिए रात की रानी खिलाई है   
जीवन में बस एक प्रेम कमाया, वह भी तुम्हारे सहारे   
इतना करो कि यह प्रेम कभी न हारे   
तुम्हें कसम है, एक वादा तुम करना   
मेरी यह वसीयत तुम ज़रूर पूरी करना   
तुम्हारे सिवा कौन इसको सँभाले   
मेरी यह वसीयत अब तुम्हारे हवाले।    

-जेन्नी शबनम (16.11.2020)
(मेरे बच्चों के लिए) 
_____________________

सोमवार, 16 नवंबर 2015

501. नन्हा बचपन रूठा बैठा है

नन्हा बचपन रूठा बैठा है 
  
***  

अलमारी के निचले ख़ाने में  
मेरा बचपन छुपा बैठा है  
मुझसे डरकर मुझसे रूठा बैठा है। 
  
पहली कॉपी पर पहली लकीर  
पहली कक्षा की पहली तस्वीर  
छोटे-छोटे कंकड़-पत्थर  
सब हैं लिपटे, साथ यों दुबके  
ज्यों डिब्बे में बन्द ख़ज़ाना  
लूट न ले कोई पहचाना। 
  
जैसे कोई सपना टूटा, बिखरा है  
मेरा बचपन मुझसे हारा बैठा है  
अलमारी के निचले ख़ाने में  
मेरा नन्हा बचपन रूठा बैठा है।     

ख़ुद को जान सकी न अब तक
ख़ुद को पहचान सकी न अब तक  
जब भी देखा ग़ैरों की नज़रों से
सब कुछ देखा और परखा भी
अपना आप कब गुम हुआ  
इसका न कभी गुमान हुआ। 
  
ख़ुद को खोकर, ख़ुद को भूलकर   
पल-पल मिटने का आभास हुआ  
पर मन के अन्दर मेरा बचपन  
मेरी राह अगोरे बैठा है 
अलमारी के निचले ख़ाने में  
मेरा नन्हा बचपन रूठा बैठा है।   

देकर शुभकामनाएँ मुझको  
मेरा बचपन कहता है आज  
अरमानों के पंख लगा  
वह चाहे उड़ जाए आज  
जो-जो छूटा मुझसे अब तक  
जो-जो बिछुड़ा देकर ग़म  
सब बिसराकर, हर दर्द को धकेलकर  
जा पहुँचूँ उम्र के उस पल पर  
जब रह गया था वह नितान्त अकेला। 
  
सबसे डरकर सबसे छुपकर  
अलमारी के ख़ाने में मेरा बचपन  
मुझसे आस लगाए बैठा है  
आलमारी के निचले ख़ाने में  
मेरा नन्हा बचपन रूठा बैठा है।  

बोला बचपन चुप-चुप मुझसे  
अब तो कर दो आज़ाद मुझको  
गुमसुम-गुमसुम जीवन बीता  
ठिठक-ठिठककर बचपन गुज़रा  
शेष बचा है अब कुछ भी क्या  
सोच-विचार अब करना क्या  
अन्त से पहले बचपन जी लो  
अब तो ज़रा मनमानी कर लो  
मेरा बचपन ज़िद किए बैठा है 
आलमारी के निचले ख़ाने में  
मेरा नन्हा बचपन रूठा बैठा है।   

आज़ादी की चाह भले है  
फिर से जीने की माँग भले है  
पर कैसे मुमकिन आज़ादी मेरी  
जब तुझ पर है इतनी पहरेदारी  
तू ही तेरे बीते दिन है 
तू ही तो अलमारी है  
जिसके निचले ख़ाने में सदियों से मैं छुपा बैठा हूँ 
तुझसे दबकर तेरे ही अन्दर  
कैसे-कैसे टूटा हूँ, कैसे-कैसे बिखरा हूँ  
मैं ही तेरा बचपन हूँ और मैं ही तुझसे रूठा हूँ  
हर पल तेरे संग जिया, पर मैं ही तुझसे छूटा हूँ  
अलमारी के निचले ख़ाने में  
मेरा नन्हा बचपन रूठा बैठा है।

-जेन्नी शबनम (16.11.2015)  
(अपने जन्मदिन पर)
____________________

सोमवार, 17 नवंबर 2014

474. कोई तो दिन होगा

कोई तो दिन होगा

*** 

कोई तो दिन होगा 
जब गीत आज़ादी के गाऊँगी 
बीन बजाते भौंरे नाचेंगे 
मैं पराग-सी बिखर जाऊँगी  
आसमाँ में सूरज दमकेगा 
मैं चन्दा-सी सँवर जाऊँगी।  

कोई तो दिन होगा 
जब गीत ख़ुशी के गाऊँगी 
चिड़िया फुदकेगी डाल-डाल 
मैं तितली-सी उड़ जाऊँगी 
फूलों से बगिया महकेगी 
मैं शबनम-सी बिछ जाऊँगी। ! 

कोई तो दिन होगा 
जब गीत प्रीत के गाऊँगी 
प्रेम प्यार के पौध उपजेंगे 
मैं ज़र्रे-ज़र्रे में खिल जाऊँगी 
भोर सुहानी अगुवा होगी 
मैं आसमाँ पर चढ़ जाऊँगी। 

कोई तो दिन होगा 
जब गीत आनन्द के गाऊँगी 
यम बुलाने जब आएगा 
मैं हँसती-हँसती जाऊँगी 
कथा-कहानी जीवित रहेगी 
मैं अमर होकर मर जाऊँगी।

-जेन्नी शबनम (16.11.2014)
____________________

बुधवार, 16 नवंबर 2011

301. उम्र कटी अब बीता सफ़र (पुस्तक - 47)

उम्र कटी अब बीता सफ़र

*******

बचपन कब बीता बोलो
हँस पड़ा आईना ये कहकर
काले गेसुओं ने निहारा ख़ुद को
चाँदी के तारों से लिपटाया ख़ुद को। 

चाँदी के तारों ने पूछा
माथे की शिकन से हँसकर
किसका रस्ता अगोरा तुमने?
क्या ज़िन्दगी को हँसकर जीया तुमने?

ज़िन्दगी ने कहा सुनो जी
हँसने की बारी आई थी पलभर
फिर दिन महीना और बीते साल
समय भागता रहा यूँ ही बेलगाम। 

समय ने कहा फिर
ज़रा हौले ज़रा तमककर
नहीं हौसला तो फिर छोड़ो जीना
'शब' का नहीं कोई साथी रहेगी तन्हा। 

'शब' ने समझाया ख़ुद को
अपने आँसू ख़ुद पोछ फिर हँसकर,
बेरहम तक़दीर ने भटकाया दर-ब-दर
अच्छा है, लम्बी उम्र कटी, अब बीता सफ़र!

- जेन्नी शबनम (16. 11. 2011)
______________________

गुरुवार, 19 नवंबर 2009

99. वक़्त को इतनी बेसब्री क्यों / waqt ko itni besabri kyon

वक़्त को इतनी बेसब्री क्यों

*******

कुछ लम्हे चुराकर दे दो न
ठहर ज़रा हम भी जी लें न,
जब देखो छीन जाता हमसे
वक़्त की इतनी सख़्ती क्यों?

अब तो सहर की आस नहीं
अशक्त तन-मन में जान नहीं,
कब किस ओर निकल जाए
वक़्त की इतनी आवारगी क्यों?

चाँदनी ने रंग बिखेरे गेसुओं पर
इक लकीर सी उभरी माथे पर,
दिन गुज़रा भी नहीं रात हुई
वक़्त को इतनी जल्दी क्यों?

'शब' को एक सौग़ात दे दो
मोहलत की एक रात दे दो,
वक़्त को ज़रा समझाओ न
वक़्त को इतनी बेसब्री क्यों?

- जेन्नी शबनम (16. 11. 2009)
(अपने जन्मदिन पर)
______________________________

waqt ko itni besabri kyon

*******

kuchh lamhe churaa kar de do na
thahar zaraa hum bhi ji lein na,
jab dekho chheen jaata humse
waqt ki itni sakhti kyon?

ab to sahar ki aas nahin
ashakt tan-man mein jaan nahin,
kab kis ore nikal jaaye
waqt ki itni aawargi kyon?

chaandni ne rang bikhere gesuon par
ik lakeer see ubhari maathey par,
din gujraa bhi nahin raat hui
waqt ko itni jaldi kyon?

'shab' ko ek saugaat de do
mohlat ki ek raat de do,
waqt ko zara samjhaao na
waqt ko itni besabri kyon ?

- jenny shabnam (16. 11. 2009)
(apne janmdin par)
______________________________