वृद्धावस्था लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
वृद्धावस्था लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, 20 दिसंबर 2020

703. तकरार

तकरार 

*** 

आत्मा और बदन में तकरार जारी है  
बदन छोड़कर जाने को आत्मा उतावली है   
पर बदन हार नहीं मान रहा   
आत्मा को मुट्ठी से कसकर भींचे हुए है   
थक गया, मगर राह रोके हुए है।
   
मैं मूकदर्शक-सी   
दोनों की हाथापाई देखती रहती हूँ  
कभी-कभी ग़ुस्सा होती हूँ   
तो कभी ख़ामोश रह जाती हूँ  
कभी आत्मा को रोकती हूँ   
तो कभी बदन को टोकती हूँ   
पर मेरा कहा दोनों नहीं सुनते   
और मैं बेबसी से उनको ताकती रह जाती हूँ।
   
कब कौन किससे नाता तोड़ ले   
कब किसी और जहाँ से नाता जोड़ ले   
कौन बेपरवाह हो जाए, कौन लाचार हो जाए   
कौन हार जाए, कौन जीत जाए   
कब सारे ताल्लुक़ात मुझसे छूट जाए   
कब हर बन्धन टूट जाए   
कुछ नहीं पता, अज्ञात से डरती हूँ   
जाने क्या होगा, डर से काँपती हूँ।
   
आत्मा और बदन साथ नहीं   
तो मैं कहाँ?   
तकरार जारी है   
पर मिटने के लिए   
मैं अभी राज़ी नहीं।   

-जेन्नी शबनम (20.12.2020) 
_____________________

रविवार, 30 दिसंबर 2018

598. वृद्ध जीवन (वृद्धावस्था पर 20 हाइकु)

वृद्ध जीवन 

***   

1.   
उम्र की साँझ   
बेहद डरावनी   
टूटती आस।   

2.   
अटकी साँस   
बुढ़ापे की थकान   
मन बेहाल।   

3.   
वृद्ध की कथा   
कोई न सुने व्यथा   
घर है भरा।   

4.   
दवा की भीड़   
वृद्ध मन अकेला   
टूटता नीड़।   

5.   
अकेलापन   
सबसे बड़ी पीर   
वृद्ध जीवन।   

6.   
उम्र जो हारी   
एक पेट है भारी   
सब अपने।   

7.
धन के नाते   
मन से हैं बेगाने   
वृद्ध बेचारे।   

8.   
वृद्ध से नाता   
अपनों ने था छोड़ा   
धन ने जोड़ा।   

9.   
बदले कौन   
मख़मली चादर   
बुढ़ापा मौन।   

10.   
बहता नीर   
यही जीवन रीत   
बुढ़ापा भारी।   

11.   
उम्र का चूल्हा   
आजीवन सुलगा   
अब बुझता।   

12.   
किससे कहें?   
जीवन-साथी छूटा   
ढेरों शिकवा।   

13.   
बुढ़ापा खोट   
अपने भी भागते   
कोई न ओट।   

14.   
वृद्ध की आस   
शायद कोई आए   
टूटती साँस।   

15.   
ग़म का साया   
बुज़ुर्ग का अपना   
यही है सच।   

16.   
जीवन खिले   
बुज़ुर्गों के आशीष   
ख़ूब जो मिले।   

17.   
टूटा सपना   
कौन सुने दुखड़ा   
वृद्ध अकेला।   

18.   
वक़्त ने कहा-   
याद करो जवानी   
भूलें अपनी।   

19.   
वक़्त है लौटा   
बुज़ुर्ग का सपना   
सब हैं साथ।   

20.
वृद्ध की लाठी
बस गया विदेश
भूला वो माटी। 

-जेन्नी शबनम (24.12.2018)
____________________