माहिया लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
माहिया लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 26 दिसंबर 2024

785. सपने जो मेरे हैं (5 माहिया)

सपने जो मेरे हैं 

***
1. 
सपने मेरे 
***
सपने जो मेरे हैं 
ख़्वाबों में पलते 
होते ना पूरे हैं।  

2. 
अपने जब रूठे 
***
सब अपने जब रूठे 
जितने सपने थे  
वे निकले सब झूठे।

3. 
माटी का पथ 
***
माटी का पथ सँवरा
ख़्वाबों को भरकर
चाँदी का रथ गुज़रा।

4. 
मनमर्ज़ी 
***
उसकी है ख़ुदगर्ज़ी 
नाता तोड़ गया
उसकी है मनमर्ज़ी।

5. 
बचपन में 
***
फूल खिले उपवन में 
महके इठलाए
जीवन ज्यों बचपन में। 

- जेन्नी शबनम (29.12.22)
__________________

मंगलवार, 9 अप्रैल 2024

774. नैनों से नीर बहा (19 माहिया)

नैनों से नीर बहा (19 माहिया)

*** 

1.
नैनों से नीर बहा
किसने कब जाना
कितना है दर्द सहा।

2.
मन है रूखा-रूखा
यों लगता मानो
सागर हो ज्यों सूखा।

3.
दुनिया खेल दिखाती
माया रचकरके
सुख-दुख से बहलाती।

4.
चल-चल के घबराए
धार समय की ये 
किधर बहा ले जाए।

5.
मैं दुख की हूँ बदली
बूँद बनी बरसी 
सुख पाने को मचली। 

6.
जीवन समझाता है
सुख-दुख है खेला
पर मन घबराता है।

7.
कोई अपना होता
हर लेता पीड़ा
पूरा सपना होता।

8.
फूलों का वर माँगा
माला बन जाऊँ
बस इतना भर माँगा।

9.
तुम कुछ ना मान सके
मैं कितनी बिखरी
तुम कुछ ना जान सके।

10.
कब-कब कितना खोई
क्या करना कहके
कब-कब कितना रोई।

11.
जीवन में उलझन है
साँसें थम जाएँ
केवल इतना मन है।

12.
जब वो पल आएगा 
पूरे हों सपने
जीवन ढल जाएगा।

13.
चन्दा उतरा अँगना
मानो तुम आए
बाजे मोरा कँगना।

14.
चाँद उतर आया है
मन यूँ मचल रहा
ज्यों पी घर आया है।

15.
चमक रहा है दिनकर
'दमको मुझ-सा तुम'
मुस्काता है कहकर।

16.
हरदम हँसते रहना
क्या पाया-खोया
जीवन जीकर कहना।

17.
बदली जब-जब बरसे
आँखों का पानी
पी पाने को तरसे।

18.
अपने छल करते हैं
शिकवा क्या करना 
हम हर पल मरते हैं।

19.
करते वे मनमानी
कितना सहते हम
ओढ़ी है बदनामी।

-जेन्नी शबनम (8.4.24)
________________

शुक्रवार, 7 अक्टूबर 2022

752. सपने हों पूरे / गर तू आ जाता (6 माहिया)

सपने हों पूरे

***


1.
मन में जो आस खिली 
जीवन में मेरे 
अब जाकर प्रीत मिली। 
 
2.
थी अभिलाषा ये मन में 
सपने हों पूरे 
सारे इस जीवन में।  

- जेन्नी शबनम (10. 7. 2013)
_____________________


गर तू आ जाता 
*** 

1.
पानी बहता जैसे 
बिन जाने समझे 
जीवन गुज़रा वैसे। 

2.
फूलों-सी खिल जाती 
गर तू आ जाता 
तुझमें मैं मिल जाती। 

3.
अजब यह कहानी है 
बैरी दुनिया से 
पहचान पुरानी है। 

4.
सुख का सूरज चमका 
आशाएँ जागी 
मन का दर्पण दमका। 

- जेन्नी शबनम (30. 1. 2014)
____________________

सोमवार, 11 जनवरी 2021

708. आकुल (5 माहिया)

आकुल 

******* 

1. 
जीवन जब आकुल है   
राह नहीं दिखती   
मन होता व्याकुल है।   

2. 
हर बाट छलावा है   
चलना ही होगा   
पग-पग पर लावा है।   

3. 
रूठे मेरे सपने   
अब कैसे जीना   
भूले मेरे अपने।   

4. 
जो दूर गए मुझसे   
सुध ना ली मेरी   
क्या पीर कहूँ उनसे।   

5. 
जीवन एक झमेला   
सब कुछ उलझा है   
यह साँसों का खेला।   

- जेन्नी शबनम (10. 1. 2021)
_______________________

शनिवार, 10 दिसंबर 2016

533. जग में क्या रहता है (9 माहिया)

जग में क्या रहता है  
(9 माहिया)

*******  

1.  
जीवन ये कहता है  
काहे का झगड़ा  
जग में क्या रहता है!  

2.  
तुम कहते हो ऐसे  
प्रेम नहीं मुझको  
फिर साथ रही कैसे!  

3.  
मेरा मौन न समझे  
कैसे बतलाऊँ  
मैं टूट रही कबसे!  

4.  
तुम सब कुछ जीवन में  
मिल न सकूँ फिर भी  
रहते मेरे मन में!  

5.  
मुझसे सब छूट रहा  
उम्र ढली अब तो  
जीवन भी टूट रहा!  

6.  
रिश्ते कब चलते यूँ  
शिकवे बहुत रहे  
नाते जब जलते यूँ!  

7.  
सपना जो टूटा है  
अँधियारा दिखता  
अपना जो रूठा है!  

8.  
दुनिया का कहना है  
सुख-दुख जीवन है  
सबको ही बहना है!  

9.  
कहती रो के धरती  
न उजाड़ो मुझको  
मैं निर्वसना मरती!  

- जेन्नी शबनम (6. 12. 2016)  

____________________________

शुक्रवार, 5 अप्रैल 2013

398. मन में है फूल खिला (माहिया लिखने का प्रथम प्रयास) (5 माहिया)

मन में है फूल खिला (5 माहिया) 
(माहिया लिखने का प्रथम प्रयास)

*******

1.
जाने क्या लाचारी   
कोई ना समझे    
मन फिर भी है भारी !  

2.
सन्देशा आज मिला  
उनके आने का 
मन में है फूल खिला !

3.
दुनिया भरमाती है  
है अजब पहेली   
समझ नहीं आती है !

4.
मैंने दीप जलाया   
जब भी तू आया 
मन ने झूमर गाया  ! 

5.
चुपचाप हवा आती 
थपकी यूँ देती  
ज्यों लोरी है गाती !

- जेन्नी शबनम (3. 4. 2013)

____________________________