बरसात लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
बरसात लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 28 जुलाई 2022

745. अब्र (6 क्षणिका)

अब्र 

(6 क्षणिका)

******* 

1. अब्र   

ज़माने के हलाहल पीकर   
जलती-पिघलती मेरी आँखों से   
अब्र की नज़रें आ मिली   
न कुछ कहा, न कुछ पूछा   
वह जमकर बरसा, मैं जमकर रोई   
सारे विष धुल गए, सारे पीर बह गए   
मेरी आँखें और अब्र   
एक दूजे की भाषा समझते हैं। 
-0-

2. बादल   

तुम बादल बन जाओ   
जब कहूँ तब बरस जाओ   
तुम बरसो मैं तुमसे लिपटकर भीगूँ   
सारे दर्द को आँसुओं में बहा दूँ   
नहीं चाहती किसी और के सामने रोऊँ,   
मैं मुस्कुराऊँगी, फिर तुम लौट जाना अपने आसमाँ में।
-0-

3. घटा   

चाहती हूँ तुम आओ, आज मन फिर बोझिल है   
घटा घनघोर छा गई, मेरे चाहने से वो आ गई   
घटा प्यार से बरस पड़ी, आकर मुझसे लिपट गई   
तन भीगा मन सूख गया, मन को बड़ा सुकून मिला   
बरसों बाद धड़कनो में शोर हुआ, मन मेरा भाव-विभोर हुआ।
-0-

4. घन   

हे घन! आँखों में अब मत ठहरो   
बात-बे-बात तुम बरस जाते हो   
माना घनघोर उदासी है   
पर मुख पर हँसी ही सुहाती है   
पहर-दिन देखकर, एक दिन बरस जाओ जीभर   
फिर जाकर सुस्ताओ आसमाँ पर।
-0- 

5. मेघ   

अच्छा हुआ तुम आ गए, पर ज़रा ठहरो   
किवाड़ बन्दकर छत पर आती हूँ   
कोई देख न ले मेरी करतूत   
मेघ! तुम बरसना घुमड़-घुमड़   
मैं कूदूँगी छपाक-छपाक,   
यूँ लगता है मानो ये पहला सावन है   
उम्र की साँझ से पहले, बचपन जीने का मन है।
-0-

6. बदली   

उदासी के पाँव में महावर है   
जिसकी निशानी दिख जाती है   
बदली को दिख गई और आकर लिपट गई   
उसे उदासी पसन्द जो नहीं है   
धुलकर अब खिल गई हूँ मैं,   
उदासी के पाँव के महावर फिर गाढ़े हो रहे हैं   
अब अगली बारिश का इन्तिज़ार है।
-0-

- जेन्नी शबनम (28. 7. 2021)
_________________________

रविवार, 27 अगस्त 2017

556. बादल राजा (बरसात पर 10 हाइकु) पुस्तक 92, 93

बादल राजा   

*******  

1.  
ओ मेघ राजा  
अब तो बरस जा  
भगा दे गर्मी   

2.  
बदली रानी  
झूम-झूम बरसी  
नाचती गाती   

3.  
हे वर्षा रानी  
क्यों करे मनमानी  
बरसा पानी   

4.  
नहीं बरसा  
दहाड़ता गरजा,  
बादल शेर   

5.  
काला बदरा  
मारा-मारा फिरता  
ठौर न पाता  

6.  
मेघ गरजा  
रवि भागके छुपा  
डर जो गया   

7.  
खिली धरती,  
रिमझिम बरसा  
बदरी काली   

8.  
ली अँगड़ाई  
सावन घटा छाई  
धरा मुस्काई   

9.  
बरसा नहीं  
मेघ को गुस्सा आया,  
क्रूर प्रकृति   

10.  
सुन्दर छवि  
आकाश पे उभरा  
मेघों ने रचा   

- जेन्नी शबनम (27. 8. 2017)  
____________________

सोमवार, 1 सितंबर 2014

466. घर आ जा न (बारिश के 8 हाइकु) पुस्तक 57, 58

घर आ जा न 

*******

1.
बरसा नहीं 
भटक-भटकके 
थका बादल।  

2.
घूँघट काढ़े  
घटा में छुपकर  
सूर्य शर्माए।  

3.
बादल फटा 
रुष्ट इंद्र देवता 
खेत सुलगा।  

4.
घूमने चले 
बादलों के रथ पे 
सूर्य देवता।  

5.
अम्बर रोया 
दूब भीगती रही 
उफ़ न बोली।  

6.
गुर्राता मेघ 
कड़कता ही रहा 
नहीं बरसा।  

7.
प्रभाती गाता 
मंत्र गुनगुनाता 
मौसम आता। 

8.
पानी-पानी रे  
क्यों बना तू जोगी रे  
घर आ जा न।  

- जेन्नी शबनम (3. 7. 2014) 
___________________

रविवार, 28 अगस्त 2011

276. इन्द्रधनुष खिला (बरसात पर 10 हाइकु) (पुस्तक - 19)

इन्द्रधनुष खिला 
(बरसात पर 10 हाइकु)

******* 

1.
आकाश दिखा
इन्द्रधनुष खिला
मचले जिया।

2.
हुलसे जिया
घिर आए बदरा
जल्दी बरसे।

3.
धरती गीली
चहुँ ओर है पानी
हिम पिघला।

4.
भीगा अनाज
कुलबुलाए पेट
छत टपकी।

5.
बिजली कौंधी
कहीं जब है गिरी
खेत झुलसे।

6.
धरती ओढ़े
बादलों की छतरी
सूरज छुपा।

7.
मेघ गरजा
रिमझिम बरसा
मन हरसा।

8.
कारे बदरा
टिप-टिप बरसे
मन हरसे।

9.
इन्द्र देवता
हुए धरा से रुष्ट
लोग पुकारें।

10.
ठिठके खेत
कर जोड़ पुकारे
बरसो मेघ।

- जेन्नी शबनम (18. 8. 2011)
_____________________