रिश्ते लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
रिश्ते लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 31 दिसंबर 2020

704. मुट्ठी से फिसल गया

मुट्ठी से फिसल गया 

***

निःसन्देह बीता कल नहीं लौटेगा   
जो बिछड़ गया अब नहीं मिलेगा   
फिर भी रोज़-रोज़ बढ़ती है आस   
शायद मिल जाए वापस   
जो जाने-अनजाने बन्द मुट्ठी से फिसल गया। 
  
ख़ुशियों की ख़्वाहिश ही दुःखों की फ़रमाइश है   
पर मन समझता नहीं, हर पल ख़ुद से उलझता है   
हर रोज़ की यही व्यथा, कौन सुने इतनी कथा?  
 
वक़्त को दोष देकर   
कोई कैसे ख़ुद को निर्दोष कहेगा?   
क्यों दूसरों का लोर-भात एक करेगा?   
बहाने क्यों?   
कह दो, बीता कल शातिर खेल था   
अवांछित सम्बन्धों का मेल था   
जो था सब बेकार था, अविश्वास का भण्डार था   
अच्छा हुआ, बन्द मुट्ठी से फिसल गया। 
  
अमिट दूरियों का अन्तहीन सिलसिला है   
उम्मीदों के सफ़र में आसमान-सा सन्नाटा है   
पर अतीत के अवसाद में कोई कब तक जिए   
कितने-कितने पीर मन में लेकर फिरे   
वक़्त भी वही, उसकी चाल भी वही   
बरज़ोरी से छीननी होगी खुशियाँ। 
  
नहीं करना है अब शोक कि साथ चलते-चलते 
चन्द क़दमों का फ़ासला, मीलों में बढ़ गया   
रिश्ते-नाते, नेह-बन्धन मन की देहरी पर ढह गया   
देखते-देखते सब, बन्द मुट्ठी से फिसल गया।   

-जेन्नी शबनम (31.12.2020)
_____________________

सोमवार, 14 अक्टूबर 2019

632. रिश्ते (रिश्ते पर 10 हाइकु) पुस्तक - 110,111

रिश्ते

******* 

1.   
कौन समझे   
मन की संवेदना   
रिश्ते जो टूटे।   

2.   
नहीं अपना   
कौन किससे कहे   
मन की व्यथा।   

3.   
दीमक लगी   
अंदर से खोखले   
सारे ही रिश्ते।   

4.   
कोई न सुने   
कारूणिक पुकार   
रिश्ते मृतक।   

5.   
मन है टूटा   
रिश्तों के दाँव-पेंच   
नहीं सुलझे।   

6.   
धोखे ही धोखे   
रिश्तों के बाज़ार में   
मुफ़्त में मिले।   

7.   
नसीब यही   
आसमान से गिरे   
धोखे थे रिश्ते।   

8.   
शिकस्त देते   
अपनों की खाल में   
फ़रेबी रिश्ते।   

9.   
जाल में फाँसे   
बहेलिए-से रिश्ते   
क़त्ल ही करें।   

10.   
झूठ-फ़रेब   
कैसे करें विश्वास   
छलावा रिश्ते।   

- जेन्नी शबनम (1. 10. 2019)   
______________________

रविवार, 20 अप्रैल 2014

451. मतलब

मतलब

*******

छोटे-छोटे दुःख सुनना
न मुझे पसंद है न तुम्हें
यूँ तुमने कभी मना नहीं किया कि न बताऊँ 
पर जिस अनमने भाव से सब सुनते हो 
समझ आ जाता है कि तुमको पसंद नहीं आ रहा 
हमारे बीच ऐसा अनऔपचारिक रिश्ता है कि
हम कुछ भी किसी को बताने से मना नहीं करते 
परन्तु 
सिर्फ़ कहने भर को कहते हैं 
सुनने भर को सुनते हैं
न जानना चाहते हैं, न समझना चाहते हैं    
हम कोई मतलब नहीं रखते
एक दूसरे के 
सुख से, दुःख से, ज़िन्दगी से, फ़ितरत से 
बस एक कोई गाँठ है 
जो जोड़े हुए है 
जो टूटती नहीं 
शायद इस लिए हम जुड़े हुए हैं 
अपना-अपना मतलब साध रहे हैं। 

- जेन्नी शबनम (20. 4. 2014)
____________________

मंगलवार, 20 नवंबर 2012

375. रिश्ते (16 क्षणिकाएँ)

रिश्ते 

*******

1.
बेनाम रिश्ते 
***
कुछ रिश्ते बेनाम होते हैं
जी चाहता है  
कुछ नाम रख ही दूँ 
क्या पता किसी ख़ास घड़ी में  
उसे पुकारना ज़रूरी पड़ जाए
जब नाम के सभी रिश्ते नाउम्मीद कर दें   
और बस एक आखिरी उम्मीद वही हो...


2.
बेकाम रिश्ते 
***
कुछ रिश्ते बेकाम होते हैं
जी चाहता है  
भट्टी में उन्हें जला दूँ 
और उसकी राख को अपने आकाश में 
बादल-सा उड़ा दूँ 
जो धीरे-धीरे उड़ कर धूल-कणों में मिल जाएँ 
बेकाम रिश्ते बोझिल होते हैं 
बोझिल ज़िन्दगी आख़िर कब तक...


3.
बेशर्त रिश्ते 
***
कुछ रिश्ते बेशर्त होते हैं 
बिना किसी अपेक्षा के जीते हैं 
जी चाहता है 
अपने जीवन की सारी शर्तें 
उन पर निछावर कर दूँ 
जब तक जिऊँ बेशर्त रिश्ते निभाऊँ...


4.
बासी रिश्ते 
***
कुछ रिश्ते बासी होते हैं 
रोज़ गर्म करने पर भी नष्ट हो जाते हैं
और अंततः बास आने लगती है 
जी चाहता है 
पोलीथीन में बंद कर कूड़ेदान में फेंक दूँ 
ताकि वातावरण दूषित होने से बच जाए...


5.
बेकार रिश्ते 
***
कुछ रिश्ते बेकार होते हैं 
ऐसे जैसे दीमक लगे दरवाज़े  
जो भीतर से खोखले पर साबुत दिखते हों 
जी चाहता है 
दरवाज़े उखाड़कर आग में जला दूँ 
और उनकी जगह शीशे के दरवाज़े लगा दूँ  
ताकि ध्यान से कोई ज़िन्दगी में आए 
कहीं दरवाज़ा टूट न जाए...


6.
शहर-से रिश्ते 
***
कुछ रिश्ते शहर-से होते हैं
जहाँ अनचाहे ठहरे होते हैं लोग  
जाने कहाँ-कहाँ से आकर बस जाते हैं 
बिना उसकी मर्जी पूछे  
जी चाहता है 
सभी को उसके-उसके गाँव भेज दूँ 
शहर में भीड़ बढ़ गई है...
  

7.
बर्फ़-से रिश्ते 
***
कुछ रिश्ते बर्फ़-से होते हैं 
आजीवन जमे रहते हैं 
जी चाहता है 
इस बर्फ की पहाड़ी पर चढ़ जाऊँ
और अनवरत मोमबत्ती जलाए रहूँ 
ताकि धीरे-धीरे, ज़रा-ज़रा-से पिघलते रहे...


8.
अजनबी रिश्ते 
***
कुछ रिश्ते अजनबी होते हैं
हर पहचान से परे 
कोई अपनापन नहीं 
कोई संवेदना नहीं
जी चाहता है 
इनका पता पूछ कर 
इन्हें बैरंग लौटा दूँ...


9.
ख़ूबसूरत रिश्ते 
***
कुछ रिश्ते खूबसूरत होते हैं 
इतने कि खुद की भी नज़र लग जाती है
जी चाहता है 
इनको काला टीका लगा दूँ 
लाल मिर्च से नज़र उतार दूँ 
बुरी नज़र... जाने कब... किसकी...


10.
बेशक़ीमती रिश्ते 
***
कुछ रिश्ते बेशकिमती होते हैं
जौहरी बाज़ार में ताखे पे सजे हुए 
कुछ अनमोल 
जिन्हें खरीदा नहीं जा सकता 
जी चाहता है 
इनपर इनका मोल चिपका दूँ 
ताकि देखने वाले इर्ष्या करें...


11.
आग-से रिश्ते 
***
कुछ रिश्ते आग-से होते हैं
कभी दहकते हैं, कभी धधकते हैं  
अपनी ही आग में जलते हैं  
जी चाहता है 
ओस की कुछ बूँदें  
आग पर उड़ेल दूँ
ताकि धीमे-धीमे सुलगते रहें...



12.
चाँद-से रिश्ते 
*** 
कुछ रिश्ते चाँद-से होते हैं
कभी अमावस तो कभी पूर्णिमा 
कभी अन्धेरा कभी उजाला 
जी चाहता है 
चाँदनी अपने पल्लू में बाँध लूँ 
और चाँद को दिवार पे टाँग दूँ 
कभी अमावस नहीं...


13.
फूल-से रिश्ते 
***
कुछ रिश्ते फूल-से होते हैं
खिले-खिले बारहमासी फूल की तरह 
जी चाहता है 
उसके सभी काँटों को 
ज़मीन में दफ़न कर दूँ 
ताकि कभी चुभे नहीं 
ज़िन्दगी सुगन्धित रहे 
और खिली-खिली...



14.
रिश्ते ज़िन्दगी 
***
कुछ रिश्ते ज़िन्दगी होते हैं
ज़िन्दगी यूँ ही जीवन जीते हैं 
बदन में साँस बनकर 
रगों में लहू बनकर 
जी चाहता है 
ज़िन्दगी को चुरा लूँ 
और ज़िन्दगी चलती रहे यूँ ही...


15.
अनुभूतियों के रिश्ते 
***
रिश्ते फूल, तितली, जुगनू, काँटे...
रिश्ते चाँद, तारे, सूरज, बादल...
रिश्ते खट्टे, मीठे, नमकीन, तीखे...
रिश्ते लाल, पीले, गुलाबी, काले, सफ़ेद, स्याह... 
रिश्ते कोमल, कठोर, लचीले, नुकीले...
रिश्ते दया, माया, प्रेम, घृणा, सुख, दुःख, ऊर्जा...
रिश्ते आग, धुआँ, हवा, पानी...
रिश्ते गीत, संगीत, मौन, चुप्पी, शून्य, कोलाहल...  
रिश्ते ख्वाब, रिश्ते पतझड़, रिश्ते जंगल, रिश्ते बारिश...
रिश्ते स्वर्ग, रिश्ते नरक...
रिश्ते बोझ, रिश्ते सरल...
रिश्ते मासूम, रिश्ते ज़हीन... 
रिश्ते फरेब, रिश्ते जलील...


16.
ज़िन्दगी रिश्ते, रिश्ते ज़िन्दगी 
***
रिश्ते उपमाओं-बिम्बों से सजे
संवेदनाओं से घिरे 
रिश्ते, रिश्ते होते हैं 
जैसे समझो
रिश्ते वैसे होते हैं...
ज़िन्दगी रिश्ते  
रिश्ते ज़िन्दगी...

- जेन्नी शबनम (16. 11. 2012)
______________________

शुक्रवार, 10 फ़रवरी 2012

321. नन्हे हाथों में

नन्हे हाथों में

*******

नामुमकिन हो गया
उस सफ़र पर जाना
जहाँ जाने के लिए
बारहा कोशिश करती रही,
मर्ज़ी नहीं थी
न चाह
पर यहाँ रुकना भी बेमानी लगता रहा,
ठीक उसी वक़्त
जब काफ़िला गुज़रा
और मैंने कदम बढ़ा दिए
किसी ने मुझे रोक लिया,
पलटकर देखा
दो नन्हे हाथ
आँचल थामे हुए थे,
रिश्तों की दुहाई
जीवन पलट गया
मेरे साथ उजाले की किरण न थी
पर उम्मीद की किरण तो थी
उन नन्हे हाथों में
। 

- जेन्नी शबनम (नवम्बर 1995)
_______________________

रविवार, 23 अक्टूबर 2011

295. मेरे शब्द (पुस्तक - 41)

मेरे शब्द

*******

बहुत कठिन है, पार जाना
ख़ुद से, और उन तथाकथित अपनों से
जिनके शब्द मेरे प्रति
सिर्फ़ इसलिए निकलते हैं कि
मैं आहत हो सकूँ,
खीझकर मैं भी शब्द उछालूँ
ताकि मेरे ख़िलाफ़
एक और मामला
जो अदालत में नहीं
रिश्तों के हिस्से में पहुँचे
और फिर शब्दों द्वारा
मेरे लिए, एक और मानसिक यंत्रणा। 
नहीं चाहती हूँ
कि ऐसी कोई घड़ी आए 
जब मैं भी बेअख़्तियार हो जाऊँ
और मेरे शब्द भी। 
मेरी चुप्पी अब सीमा तोड़ रही है
जानती हूँ, अब शब्दों को रोक न सकूँगी
ज़ेहन से बाहर आने पर
मुमकिन है ये तरल होकर
आँखों से बहे या 
फिर शीशा बनकर
उन अपनों के बदन में घुस जाए
जो मेरी आत्मा को मारते रहते हैं। 
मेरे शब्द
अब संवेदनाओं की भाषा 
और दुनियादारी समझ चुके हैं। 

- जेन्नी शबनम (22. 10. 2011)
______________________

सोमवार, 2 अगस्त 2010

161. हमारे शब्द / humaare shabd

हमारे शब्द

*******

शब्दों के सफ़र में
हम दोनों ही हुए लहूलुहान,
कोई पिघलता सीसा
या खंजर की धार
बस कर ही देना है वार 

आर पार कर दे रही
हमारे बोझिल रिश्तों को
हमारे शब्दों की कटार 

किसके शब्दों में तीव्र नोक?
ढूँढते रहते दोषी कौन?

प्रहार की ताक लगाए
मौका चुकने नहीं देना
बस उड़ेल देना है खौलते शब्द 

पार पा जाना है
तमाम बंधन से
पर नहीं जा सके कभी,
साथ जीते रहे
धकेलते रहे
एक दूसरे का क़त्ल करते रहे
हमारे शब्द

- जेन्नी शबनम (2. 8. 2010)
_________________________

humaare shabd

*******

shabdon ke safar mein
hum donon hi huye lahuluhaan,
koi pighalta shisha
ya khanjar ki dhaar
bas kar hin dena hai waar.

aar paar kar de rahi
hamaare bojhil rishton ko
hamaare shabdon ki kataar.

kiske shabdon mein tivrr nok?
dundhte rahte doshi koun?

prahaar ki taak lagaaye
mouka chukne nahin dena
bas udel dena hai khoulate shabd.

paar pa jaana hai
tamaam bandhan se
par nahin ja sake kabhi,
saath jite rahe
dhakelate rahe
ek dusare ka qatl karte rahe
humaare shabd.

- Jenny Shabnam ( 2. 8. 2010)
________________________