बुधवार, 31 अगस्त 2016

527. शबनम (तुकांत)

शबनम   

*******   

रात चाँदनी में पिघलकर   
यूँ मिटी शबनम   
सहर को ये ख़बर नहीं थी   
कब मिटी शबनम।    

दर्द की मिट्टी का घर   
फूलों से सँवरा   
दर्द को ढकती रही पर   
दर्द बनी शबनम।     

अपनों के शहर में   
है कोई अपना नहीं   
ठुकराया आसमाँ और   
उफ़ कही शबनम।     

चाँद तारों के नगर में   
हुई जो तकरार   
आसमान से टूटकर   
तब ही गिरी शबनम।     

शब व सहर की दौड़ से   
थकी तो बहुत मगर   
वक़्त के साथ चली   
अब भी है वही शबनम।     

- जेन्नी शबनम (31. 8. 2016)   
____________________

बुधवार, 24 अगस्त 2016

526. प्रलय (क्षणिका)

प्रलय   

*******   
नहीं मालूम कौन ले गया रोटी और सपनों को   
सिरहाने की नींद और तन के ठौर को   
राह दिखाते ध्रुव तारे और दिन के उजाले को    
मन की छाँव और अपनों के गाँव को,    
धधकती धरती और दहकता सूरज   
बौखलाई नदी और चीखता मौसम 
बाट जोह रहा है, मेरे पिघलने और बिखरने का   
मैं ढहूँ तो एक बात हो, मैं मिटूँ तो कोई बात हो। 

- जेन्नी शबनम (24. 8. 2016)   
_____________________

गुरुवार, 18 अगस्त 2016

525. चहकती है राखी (राखी पर 15 हाइकु) पुस्तक 80, 81

चहकती है राखी   

*******   

1.   
प्यारी बहना   
फूट-फूट के रोई   
भैया न आया   

2.   
राखी है रोई   
सुने न अफ़साना   
कैसा ज़माना   

3.   
रिश्तों की क्यारी   
चहकती है राखी   
प्यार जो शेष   

4.   
संदेशा भेजो   
आया राखी त्योहार    
भैया के पास   

5.   
मन की पीड़ा   
भैया से कैसे कहें?   
राखी तू बता    

6.   
कह न पाई   
व्याकुल बहना,   
राखी निभाना   

7.   
संदेशा भेजो   
मचलती बहना   
आएगा भैया   

8.   
बहना रोए   
प्रेम का धागा लिये,   
रिश्ते दरके   

9.   
सावन आया   
नैनों से नीर बहे   
नैहर छूटा    

10.   
मन में पीर   
मत होना अधीर   
आज है राखी   

11.   
भाई न आया   
पर्वत-सा ये मन   
फूट के रोया    

12.   
राखी का थाल   
बहन का दुलार   
राह अगोरे    

13.   
रेशमी धागा   
जोड़े मन का नाता   
नेह बढ़ाता   

14.   
सूत है कच्चा   
जोड़ता नाता पक्का   
आशीष देता    

15.   
रक्षा-कवच   
बहन ने है बाँधी   
राखी जो आई   

- जेन्नी शबनम (18. 8. 2016)   
____________________

सोमवार, 15 अगस्त 2016

524. जय भारत (स्वतंत्रता दिवस पर 10 हाइकु) पुस्तक 79, 80

जय भारत

*******   

1.   
तिरंगा झूमा    
देख जश्ने-आज़ादी,   
जय भारत!   

2.   
मुट्ठी में झंडा   
पाई-पाई माँगता  
देश का लाल।    

3.   
भारत माता  
सरेआम लुटती,   
देश आज़ाद।    

4.   
जिन्हें सौंपके   
मर मिटे थे बापू,   
देश लूटते।    

5.   
महज़ नारा   
हम सब आज़ाद,   
सोच ग़ुलाम   

6.   
रंग भी बँटा   
हरा व केसरिया   
देश के साथ    

7.   
मिटा न सका   
प्राचीर का तिरंगा   
मन का द्वेष    

8.   
सबकी चाह-  
अखंड हो भारत,   
देकर प्राण   

9.   
लगाओ नारे   
आज़ाद है वतन   
अब न हारे   

10.   
कैसे मनाए   
आज़ादी का त्यौहार,   
भूखे लाचार    

- जेन्नी शबनम (14. 8. 2016)
____________________

सोमवार, 8 अगस्त 2016

523. उसने फ़रमाया है (तुकांत)

उसने फ़रमाया है   

*******   

ज़िल्लत का ज़हर कुछ यूँ वक़्त ने पिलाया है   
जिस्म की सरहदों में ज़िन्दगी दफ़नाया है। 

सेज पर बिछी कभी भी जब लाल सुर्ख कलियाँ   
सुहागरात की चाहत में मन भरमाया है। 

हाथ बाँधे ग़ुलाम खड़ी हैं खुशियाँ आँगन में   
जाने क्यूँ तक़दीर ने उसे आज़ादी से टरकाया है। 

हज़ार राहें दिखतीं किस डगर में मंज़िल किसकी   
डगमगाती क़िस्मत से हर इंसान घबराया है।    

'शब' के सीने में गढ़ गए हैं इश्क़ के किस्से  
कहूँ कैसे कोई ग़ज़ल जो उसने फ़रमाया है।    

- जेन्नी शबनम (8. 8. 2016)
____________________

गुरुवार, 4 अगस्त 2016

522. चलो चलते हैं

चलो चलते हैं

***  

सुनो साथी!  
चलो चलते हैं नदी के किनारे ठण्डी रेत पर
पाँव को ज़रा ताज़गी दे वहीं ज़रा सुस्ताएँगे
अपने-अपने हिस्से का अबोला दर्द रेत से बाँटेंगे  
न तुम कुछ कहना न हम कुछ पूछेंगे  
अपने-अपने मन की गिरह ज़रा-सी खोलेंगे।
 
मन की गाथा  
जो हम रचते हैं काग़ज़ के सीने पर  
सारी-की-सारी पोथियाँ वहीं बहा आएँगे  
अँजुरी में जल ले संकल्प दोहराएँगे  
और अपने-अपने रास्ते पर बढ़ जाएँगे। 
  
सुनो साथी!  
चलते हैं नदी के किनारे  
ठण्डी रेत पर वहीं ज़रा सुस्ताएँगे    

-जेन्नी शबनम (4.8.2016)  
___________________


मंगलवार, 2 अगस्त 2016

521. खिड़की मर गई है (क्षणिका)

खिड़की मर गई है 

*******  

खिड़की बंद हो गई, वह बाहर नहीं झाँकती
आसमान और ताज़ी हवा से नाता टूट गया  
सूरज दिखता नही पेड़ पौधे ओट में चले गए
बेचारी खिड़की उमस से लथपथ घुट रही है
मानव को कोस रही है
खिड़की अब अँधेरों से भी नाता तोड़ चुकी है
खिड़की सदा के लिए बंद हो गई है  
गोया खिड़की मर गई है।  

- जेन्नी शबनम (2. 8. 2016)
___________________

गुरुवार, 28 जुलाई 2016

520. अजब ये दुनिया (चोका - 8)

अजब ये दुनिया   

*******  

यह दुनिया  
ज्यों अजायबघर
अनोखे दृश्य  
अद्भुत संकलन  
विस्मयकारी  
देख होते हत्प्रभ !  
अजब रीत  
इस दुनिया की है  
माटी की मूर्ति  
देवियाँ पूजनीय  
निरपराध  
बेटियाँ हैं जलती  
जो है जननी  
दुनिया ये रचती !  
कहीं क्रंदन  
कहीं गूँजती हँसी  
कोई यतीम  
कोई है खुशहाल  
कहीं महल  
कहीं धरा बिछौना  
बड़ी निराली  
गज़ब ये दुनिया !  
भूख से मृत्यु  
वेदना है अपार  
भरा भण्डार  
संपत्ति बेशुमार  
पर अभागा  
कोई नहीं अपना  
सब बेकार !  
धरती में दरार  
सूखे की मार  
बहा ले गया सब  
तूफानी जल  
अपनी आग में ही  
जला सूरज  
अपनी रौशनी से  
नहाया चाँद  
हवा है बहकती  
आँखें मूँदती  
दुनिया चमत्कार  
रूप-संसार !  
हम इंसानों की है  
कारगुजारी  
हरे-घने जंगल  
हुए लाचार  
कट गए जो पेड़,  
हुए उघार  
चिड़िया बेआसरा  
पानी भी प्यासा  
चेत जाओ मानव !  
वरना नष्ट  
हो जाएगी दुनिया  
मिट जाएगी  
अजब ये दुनिया  
गजब ये दुनिया !  

- जेन्नी शबनम (28. 7. 2016)  

___________________________

गुरुवार, 21 जुलाई 2016

519. भरोसा (क्षणिका)

भरोसा

*******

ढेरों तकनीक हैं, भरोसा जताने और तोड़ने की
सारी की सारी इस्तेमाल में लाई जाती हैं  
पर भरोसा जताने या तोड़ने के लिए
लाज़िमी है कि भरोसा हो।

- जेन्नी शबनम (21. 7. 2016)
_______________________

गुरुवार, 7 जुलाई 2016

518. मैं स्त्री हूँ (पुस्तक 63)

मैं स्त्री हूँ 

*******  

मैं स्त्री हूँ  
मुझे ज़िंदा रखना उतना ही सहज है जितना सहज  
मुझे गर्भ में मार दिया जाना  
मेरा विकल्प उतना ही सरल है जितना सरल  
रंग उड़े वस्त्र को हटाकर नया परिधान खरीदना  
मैं उतनी ही बेज़रूरी हूँ  
जिसके बिना, दुनिया अपूर्ण नहीं मानी जाती  
जबकि इस सत्य से इंकार नहीं कि  
पुरुष को जन्म मैं ही दूँगी  
और हर पुरुष अपने लिए स्त्री नहीं   
धन के साथ मेनका चाहता है।    

मैं स्त्री हूँ  
उन सभी के लिए, जिनके रिश्ते के दायरे में नहीं आती  
ताकि उनकी नज़रें, मेरे जिस्म को भीतर तक भेदती रहें  
और मैं विवश होकर  
किसी एक के संरक्षण के लिए गिड़गिड़ाऊँ  
और हर मुमकिन  
ख़ुद को स्थापित करने के लिए  
किस्त-किस्त में क़र्ज़ चुकाऊँ। 
   
मैं स्त्री हूँ  
जब चाहे भोगी जा सकती हूँ  
मेरा शिकार, हर वो पुरुष करता है  
जो मेरा सगा भी हो सकता है, और पराया भी  
जिसे मेरी उम्र से कोई सरोकार नहीं  
चाहे मैंने अभी-अभी जन्म लिया हो  
या संसार से विदा होने की उम्र हो  
क्योंकि पौरुष की परिभाषा बदल चुकी है। 
   
मैं स्त्री हूँ  
इस बात की शिनाख़्त, हर उस बात से होती है  
जिसमें स्त्री बस स्त्री होती है  
जिसे जैसे चाहे इस्तेमाल में लाया जा सके  
मांस का ऐसा लोथड़ा  
जिसे सूँघकर, बौखलाया भूखा शेर झपटता है  
और भागने के सारे द्वार  
स्वचालित यन्त्र द्वारा बंद कर दिए जाते हैं
   
मैं स्त्री हूँ  
पुरुष के अट्टहास के नीचे दबी, बिलख भी नहीं सकती  
मेरी आँखों में तिरते आँसू, बेमानी माने जा सकते हैं  
क्योंकि मेरे अस्तित्व के एवज़ में, एक पूरा घर मुझे मिल सकता है  
या फिर, ज़िंदा रहने के लिए, कुछ रिश्ते और चंद सपने  
चक्रवृद्धि ब्याज से शर्त और एहसानों तले घुटती साँसें।    
क्योंकि  
मैं स्त्री हूँ।    

- जेन्नी शबनम (7. 7. 2016)
___________________

बुधवार, 29 जून 2016

517. अनुभव (क्षणिका)

अनुभव  

*******  
   
दोराहे, निश्चित ही द्वन्द्व पैदा करते हैं  
एक राह छलावा का, दूसरा जीवन का  
इनमें कौन सही  
इसका पता दोनों राहों पर चलकर ही होता है  
फिर भी, कई बार अनुभव धोखा दे जाता है  
और कोई पूर्वाभास भी नहीं होता   

- जेन्नी शबनम (29. 6. 2016)  
____________________

शनिवार, 18 जून 2016

516. मन-आँखों का नाता (5 सेदोका)

मन-आँखों का नाता  
(5 सेदोका)
*******  

1.
गहरा नाता  
मन-आँखों ने जोड़ा  
जाने दूजे की भाषा,  
मन जो सोचे -  
अँखियों में झलके  
कहे संपूर्ण गाथा !  

2.
मन ने देखे  
झिलमिल सपने  
सारे के सारे अच्छे,  
अँखियाँ बोलें -  
सपने तो सपने  
नहीं होते अपने !  

3.  
बावरा मन  
कहा नहीं मानता  
मनमर्ज़ी करता,  
उड़ता जाता  
आकाश में पहुँचे  
अँखियों को चिढ़ाए !  

4.  
आँखें ही होती  
यथार्थ हमजोली  
देखे अच्छी व बुरी  
मन बावरा  
आँखों को मूर्ख माने  
धोखा तभी तो खाए !  

5.  
मन हवा-सा  
बहता ही रहता  
गिरता व पड़ता,  
अँखियाँ रोके
गुपचुप भागता  
चाहे आसमाँ छूना !  

- जेन्नी शबनम (18. 6. 2016)

_____________________________

गुरुवार, 16 जून 2016

515. तय नहीं होता (तुकांत)

तय नहीं होता

*******  

कोई तो फ़ासला है जो तय नहीं होता  
सदियों का सफ़र लम्हे में तय नहीं होता   

अजनबी से रिश्तों की गवाही क्या  
महज़ कहने से रिश्ता तय नहीं होता 

गगन की ऊँचाइयों पर सवाल क्यों  
यूँ शिकायत से रास्ता तय नहीं होता   

कुछ तो दरमियाँ दूरी रही अनकही-सी  
उम्र भर चले पर फ़ासला तय नहीं होता  

तक़दीर मिली मगर ज़रा तंग रही  
कई जंग जन्मों में तय नहीं होता   

बाख़बर भ्रम में जीती रही 'शब' हँसके  
मन की गुमराही से जीवन तय नहीं होता   

- जेन्नी शबनम (16. 6. 2016)  
____________________

शनिवार, 4 जून 2016

514. सूरज नासपिटा (चोका - 7)

सूरज नासपिटा   

*******

सूरज पीला  
पूरब से निकला  
पूरे रौब से  
गगन पे जा बैठा,  
गोल घूमता  
सूरज नासपिटा  
आग बबूला  
क्रोधित हो घूरता,  
लावा उगला  
पेड़-पौधा जलाए  
पशु-इंसान  
सब छटपटाए  
हवा दहकी  
धरती भी सुलगी  
नदी बहकी  
कारे बदरा ने ज्यों  
ली अँगड़ाई  
सावन घटा छाई  
सूरज चौंका  
''मुझसे बड़ा कौन?  
मुझे जो ढँका'',  
फिर बदरा हँसा  
हँस के बोला -  
''सुनो, सावन आया  
मैं नहीं बड़ा  
प्रकृति का नियम  
तुम जलोगे  
जो आग उगलोगे  
तुम्हें बुझाने  
मुझे आना ही होगा'',  
सूरज शांत  
मेघ से हुआ गीला  
लाल सूरज  
धीमे-धीमे सरका  
पश्चिम चला  
धरती में समाया  
गहरी नींद सोया !  

- जेन्नी शबनम (20. 5. 2016)  

_________________________

शुक्रवार, 20 मई 2016

513. इश्क़ की केतली

इश्क़ की केतली

*******  

इश्क़ की केतली में  
पानी-सी औरत 
और चाय पत्ती-सा मर्द  
जब साथ-साथ उबलते हैं
चाय की सूरत  
चाय की सीरत  
नसों में नशा-सा पसरता है  
पानी-सी औरत का रूप  
बदल जाता है चाय पत्ती-से मर्द में  
और मर्द घुलकर  
दे देता है अपना सारा रंग  
इश्क़ ख़त्म हो जाए  
मगर हर कोशिशों के बावजूद  
पानी-सी अपनी सीरत   
नहीं बदलती औरत  
मर्द अलग हो जाता है  
मगर उसका रंग खो जाता है  
क्योंकि इश्क़ की केतली में  
एक बार  
औरत मर्द मिल चुके होते हैं।  

- जेन्नी शबनम (20. 5, 2016)
_____________________


रविवार, 8 मई 2016

512. माँ (मातृ दिवस पर 5 हाइकु) पुस्तक 79

माँ

*******   

1.  
छोटी-सी परी  
माँ का अँचरा थामे  
निडर खड़ी   

2.  
पराई कन्या  
किससे कहे व्यथा  
लाचार अम्मा   

3.  
पीड़ा भी पाता  
नेह ही बरसाता  
माँ का हृदय    

4.  
अम्मा की गोद  
छूमंतर हो जाता  
सारा ही सोग   

5.  
अम्मा लाचार  
प्यार बाँटे अपार  
देख संतान   

- जेन्नी शबनम (8. 5. 2016)
___________________


रविवार, 1 मई 2016

511. कैसी ये तक़दीर (क्षणिका)

कैसी ये तक़दीर

*******  

बित्ते भर का जीवन कैसी ये तक़दीर
नन्ही-नन्ही हथेली पर भाग्य की लकीर
छोटी-छोटी ऊँगलियों में चुभती है हुनर की पीर
बेपरवाह दुनिया में सब ग़रीब सब अमीर
आख़िर हारी आज़ादी बँध गई मन में ज़ंजीर
कहाँ कौन देखे दुनिया मर गए सबके ज़मीर 

- जेन्नी शबनम (1. 5. 2016)
_______________________

सोमवार, 4 अप्रैल 2016

510. दहक रही है ज़िन्दगी (तुकांत)

दहक रही है ज़िन्दगी  

*******  

ज़िन्दगी के दायरे से भाग रही है ज़िन्दगी  
ज़िन्दगी के हाशिये पर रुकी रही है ज़िन्दगी    

बेवज़ह वक़्त से हाथापाई होती रही ताउम्र  
झंझावतों में उलझकर गुज़र रही है ज़िन्दगी   

गुलमोहर की चाह में पतझड़ से हो गई यारी  
रफ़्ता-रफ़्ता उम्र गिरी ठूँठ हो रही है ज़िन्दगी   

ख़्वाब और फ़र्ज़ का भला मिलन यूँ होता कैसे  
ज़मीं मयस्सर नहीं आस्माँ माँग रही है ज़िन्दगी   

सब कहते उजाले ओढ़के रह अपनी माँद में  
अपनी ही आग से लिपट दहक रही है ज़िन्दगी   

- जेन्नी शबनम (4. 4. 2016)
___________________

शुक्रवार, 1 अप्रैल 2016

509. अप्रैल फ़ूल (क्षणिका)

अप्रैल फ़ूल   

*******

आईने के सामने रह गई मैं भौचक खड़ी  
उस पार खड़ा वक़्त ठठाकर हँस पड़ा  
बेहयाई से बोला-  
तू आज ही नहीं बनी फ़ूल   
उम्र के गुज़रे तमाम पलों में  
तुम्हें बनाया है अप्रैल फ़ूल    

- जेन्नी शबनम (1. 4. 2016)  
___________________ 

गुरुवार, 24 मार्च 2016

508. फगुआ (होली के 10 हाइकु) पुस्तक 78

फगुआ  

*******  

1.  
टेसू चन्दन  
मंद-मंद मुस्काते  
फगुआ गाते   

2.  
होली त्योहार  
बचपना लौटाए  
शर्त लगाए   

3.  
रंगों का मेला  
खोया दर्द-झमेला,  
नया सवेरा   

4.  
याद दिलाते  
मन के मौसम को  
रंग-अबीर   

5.  
फगुआ बुझा,  
रास्ता अगोरे बैठा  
रंग ठिठका   

6.  
शूल चुभाता  
बेपरवाह रंग,  
बैरागी मन   

7.  
रंज औ ग़म  
रंग में नहाकर  
भूले धरम    

8.    
जाने क्या सोचा 
मेरा हाल न पूछे  
पावन रंग     

9.  
रंग बिखरा  
सिमटा न मुट्ठी में  
मन बिखरा   

10.  
रंग न सका  
होली का सुर्ख़ रंग  
फीका ये मन    

- जेन्नी शबनम (23. 3. 2016) 
____________________

शुक्रवार, 18 मार्च 2016

507. पगडंडी और आकाश (पुस्तक - 22)

पगडंडी और आकाश 

******  

एक सपना बुन कर  
उड़ेल देना मुझ पर मेरे मीत  
ताकि सफ़र की कठिन घड़ी में  
कोई तराना गुनगुनाऊँ,  
साथ चलने को न कहूँगी  
पगडंडी पर तुम चल न सकोगे  
उस पर पाँव-पाँव चलना होता है  
और तुमने सिर्फ़ उड़ना जाना है   

क्या तुमने कभी बटोरे हैं  
बग़ीचे से महुआ के फूल  
और अंजुरी भर-भर  
ख़ुद पर उड़ेले हैं वही फूल  
क्या तुमने चखा है  
इसके मीठे-मीठे फल  
और इसकी मादक ख़ुशबू से  
बौराया है तुम्हारा मन?  
क्या तुमने निकाले हैं  
कपास से बिनौले  
और इसकी नर्म-नर्म रूई से  
बनाए हैं गुड्डे गुड्डी के खिलौने  
क्या तुमने बनाई है  
रूई की छोटी-छोटी पूनियाँ  
और काते हैं, तकली से महीन-महीन सूत? 
 
अबके जो मिलो तो सीख लेना मुझसे  
वह सब, जो तुमने खोया है  
आसमान में रहकर 
  
इस बार के मौसम ने बड़ा सताया है मुझको  
लकड़ी गीली हो गई, सुलगती नहीं  
चूल्हे पर आँच नहीं, जीवन में ताप नहीं  
अबकी जो आओ, तो मैं तुमसे सीख लूँगी  
ख़ुद को जलाकर भाप बनना  
और बिना पंख आसमान में उड़ना 
  
अबकी जो आओ  
एक दूसरे का हुनर सीख लेंगे  
मेरी पगडंडी और तुम्हारा आसमान  
दोनों को मुट्ठी में भर लेंगे  
तुम मुझसे सीख लेना  
मिट्टी और महुए की सुगंध पहचानना  
मैं सीख लूँगी  
हथेली पर आसमान को उतारना  
तुम अपनी माटी को जान लेना  
और मैं उस माटी से  
बसा लूँगी एक नयी दुनिया  
जहाँ पगडंडी और आकाश  
कहीं दूर जाकर मिल जाते हों   

- जेन्नी शबनम (18. 3. 2016)  
____________________

मंगलवार, 8 मार्च 2016

506. तू भी न कमाल करती है

तू भी न कमाल करती है  

*******  

ज़िन्दगी तू भी न कमाल करती है!  
जहाँ-तहाँ भटकती फिरती  
ग़ैरों को नींद के सपने बाँटती  
पर मेरी फ़िक्र ज़रा भी नहीं  
सारी रात जागती-जागती  
तेरी बाट जोहती रहती हूँ  

तू कहती-  
फ़िक्र क्यों करती हो  
ज़िन्दगी हूँ तो जश्न मनाऊँगी ही  
मैं तेरी तरह बदन नहीं  
जिसका सारा वक़्त   
अपनों की तीमारदारी में बीतता है  
तूझे सपने देखने और पालने की मोहलत नहीं  
चाहत भले हो मगर साहस नहीं  
तू बस यूँ ही बेमक़सद बेमतलब जिए जा  
मैं तो जश्न मनाऊँगी ही  

मैं ज़िन्दगी हूँ  
अपने मनमाफ़िक जीती हूँ  
जहाँ प्यार मिले वहाँ उड़के चली जाती हूँ  
तू और तेरा दर्द मुझे बेचैन करता है  
तूझे कोई सपने जो दूँ  
तू उससे भी डर जाती है   
''ये सपने कोई साज़िश तो नहीं''  
इसलिए तुझसे दूर बहुत दूर रहती हूँ  
कभी-कभी जो घर याद आए  
तेरे पास चली आती हूँ  

ज़िन्दगी हूँ  
मिट तो जाऊँगी ही एक दिन  
उससे पहले पूरी दुनिया में उड़-उड़कर  
सपने बाँटती हूँ  
बदले में कोई मोल नहीं लेती  
सपनों को जिलाए रखने का वचन लेती हूँ  
सुकून है मैं अकारथ नहीं हूँ  

उन्मुक्त उड़ना ही ज़िन्दगी है  
मैं भी उड़ना चाहती हूँ बेफ़िक्र अपनी ज़िन्दगी की तरह 
हर रात तमाम रात सर पर सपनों की पोटली लिए  
मन चाहता है आसमान से एक बार में पूरी पोटली  
खेतों में उड़ेल दूँ  
सपनों के फल  
सपनों के फूल  
सपनों का घर  
सपनों का संसार  
खेतों में उग जाए  
और... मैं...!  

चल तन और सपन मिल जाए  
चल ज़िन्दगी तेरे साथ हम जी आएँ  
बहुत हुई उनकी बेगारी जिनको मेरी परवाह नहीं  
बस अब तेरी सुनूँगी गीत ज़िन्दगी के गाऊँगी  

तू दुनिया सुन्दर बनाती है  
सपनों को उसमें सजाती है  
जीने का हौसला बढ़ाती है  
ज़िन्दगी तू भी न कमाल करती है!  

- जेन्नी शबनम (8. 3. 2016)  
(महिला दिवस)
______________________

सोमवार, 29 फ़रवरी 2016

505. मुक्ति का मार्ग (20 हाइकु)

मुक्ति का मार्ग 

***  

1.  
मुक्ति का मार्ग  
जाने कहाँ है गुम  
पसरा तम   

2.  
कैसी तलाश  
भटके मारा-मारा  
मन-बंजारा  

3.  
बहुत देखा-  
अपनों का फ़रेब  
मन कसैला

4.  
मन यूँ थका,  
ज्यों वक़्त के सीने पे  
दर्द हो रुका  

5.  
सफ़र लम्बा  
न साया, न सहारा  
जीवन तन्हा  

6.  
उम्र यूँ बीती,  
जैसे जेठ की धूप  
तन जलाती

7.  
उम्र यूँ ढली  
पूरब से पश्चिम  
किरणें चलीं  

8.  
उम्मीदें लौटीं  
चौखट है उदास  
बची न आस  

9.  
मेरा आकाश
मुझसे बड़ी दूर
है मग़रूर।

10.  
चुकता किए  
उधार के सपने  
उऋण हुए  

11.  
जीवन-भ्रम  
अनवरत क्रम  
न होता पूर्ण  

12.  
बचा है शेष-  
दर्द का अवशेष,  
यही जीवन   

13.  
मन की आँखें  
ज़िन्दगी की तासीर  
ये पहचाने  

14.  
नही ख़बर  
होगी कैसे बसर  
क्रूर ज़िन्दगी   

15.  
ये कैसा जीना  
ख़ामोश दर्द पीना  
ज़हर जैसा  

16.  
जीवन-मर्म  
दर्द पीकर जीना  
मानव जन्म   

17.  
मन-तीरथ  
अकारथ ये पथ  
मगर जाना   

18.  
ताक पे पड़ी  
चिन्दी-चिन्दी ज़िन्दगी  
दीमक लगी  

19.  
स्वाँग रचता  
यह कैसा संसार  
दर्द अपार  

20.  
मिलता वर  
मुट्ठी में हो अम्बर  
मन की चाह   

-जेन्नी शबनम (29.2.2016)  
___________________

मंगलवार, 16 फ़रवरी 2016

504. अर्थहीन नहीं

अर्थहीन नहीं...  

******  

जी चाहता है  
सारे उगते सवालों को  
ढेंकी में कूटकर  
सबकी नज़रें बचाकर  
पास के पोखर में फ़ेंक आएँ  
ताकि सवाल पूर्णतः नष्ट हो जाए  
और अपने अर्थहीन होने पर  
अपनी ही मुहर लगा दें  
या फिर हर एक को  
एक-एक गड्ढे में दफ़न कर  
उस पर एक-एक पौधा रोप दें  
जितने पौधे उतने ही सवाल  
और जब मुझे व्यर्थ माना जाए  
तब एक-एक पौधे की गिनती कर बता दें  
कि मेरे ज़ेहन की उर्वरा शक्ति कितनी थी  
मैं अर्थहीन नहीं थी!  

- जेन्नी शबनम (16. 2. 2016)  
_____________________ 


मंगलवार, 26 जनवरी 2016

503. आज का सच

आज का सच

***

थोप देते हो अपनी हर वह बात     
जो तुम चाहते हो कि मानी जाए   
बिना ना-नुकुर, बिना कोई बहस
चाहते हो कि तुम्हारी बात मानी जाए। 
   
तुम हमेशा सही हो, बिल्कुल परफ़ेक्ट   
तुम ग़लत हो ही नहीं सकते    
तुम्हारे सारे समीकरण सही हैं   
न भी हों, तो कर दिए जाते हैं। 
   
किसका मजाल, जो तुम्हें ग़लत कह सके   
आख़िर मिल्कियत तुम्हारी  
हुकूमत तुम्हारी  
हर शय ग़ुलाम 
पंचतत्व तुम्हारे अधीन   
हवा, पानी, मिट्टी, आग, आकाश   
सब तुम्हारी मुट्ठी में। 
  
इतना भ्रम, इतना अहंकार  
मन करता है, तुम्हें तुम्हारा सच बताऊँ     
जान न भी बख़्शो, तो भी कह ही दूँ-  
जो है सब झूठ  
बस एक सच, आज का सच  
''जिसकी लाठी उसकी भैंस!'' 

-जेन्नी शबनम (26.1.2016)
(गणतंत्र दिवस)
___________________

रविवार, 17 जनवरी 2016

502. सब जानते हो तुम

सब जानते हो तुम

*******

तुम्हें याद है 
हर शाम क्षितिज पर   
जब एक गोल नारंगी फूल टँगे देखती  
रोज़ कहती-   
ला दो न   
एक दिन तुम वाटर कलर से बड़े से कागज पे  
मुस्कुराता सूरज बना हाथों में थमा दिए  
एक रोज़ तुमसे कहा- 
आसमान से चाँद-तारे तोड़के ला दो 
प्रेम करने वाले तो कुछ भी करने का दावा करते हैं  
तुम आसमानी साड़ी ख़रीद लाए   
जिसमें छोटे-छोटे चाँद-तारे टँके हुए थे 
मानो आसमान मेरे बदन पर उतर आया हो 
और उस दिन तो मैंने हद कर दी   
तुमसे कहा- 
अभी के अभी आओ 
छुट्टी लो भले तनख्वाह कटे   
तुम गाड़ी चलाओगे मुझे जाना है   
कहीं दूर  
बस यूँ ही  
बेमक़सद 
हम चल पड़े और एक छोटे से ढाबे पे रुककर  
मिट्टी की प्याली में दो-दो कप चाय  
एक-एक कर पाँच गुलाबजामुन चट कर डाली 
कैसे घूर रहा था ढाबे का मालिक 
तुम भी गज़ब हो 
क्यों मान लेते हो मेरी हर ज़िद? 
शायद पागल समझते हो न मुझे? 
हाँ, पागल ही तो हूँ  
उस रोज़ नाराज़ हो गई  
और तुम्हें बता भी दिया कि क्यों नाराज़ हूँ  
तुम्हारी बेरुखी  
या किसी और के साथ तुम्हारा होना मुझे सहन नहीं 
मुझे मनाना भी तो ख़ूब आता है तुम्हें 
नकली सूरज हो या असली रँग  
सब जानते हो तुम!   

- जेन्नी शबनम (16. 1. 2016)
____________________

सोमवार, 16 नवंबर 2015

501. नन्हा बचपन रूठा बैठा है

नन्हा बचपन रूठा बैठा है 
  
***  

अलमारी के निचले ख़ाने में  
मेरा बचपन छुपा बैठा है  
मुझसे डरकर मुझसे रूठा बैठा है। 
  
पहली कॉपी पर पहली लकीर  
पहली कक्षा की पहली तस्वीर  
छोटे-छोटे कंकड़-पत्थर  
सब हैं लिपटे, साथ यों दुबके  
ज्यों डिब्बे में बन्द ख़ज़ाना  
लूट न ले कोई पहचाना। 
  
जैसे कोई सपना टूटा, बिखरा है  
मेरा बचपन मुझसे हारा बैठा है  
अलमारी के निचले ख़ाने में  
मेरा नन्हा बचपन रूठा बैठा है।     

ख़ुद को जान सकी न अब तक
ख़ुद को पहचान सकी न अब तक  
जब भी देखा ग़ैरों की नज़रों से
सब कुछ देखा और परखा भी
अपना आप कब गुम हुआ  
इसका न कभी गुमान हुआ। 
  
ख़ुद को खोकर, ख़ुद को भूलकर   
पल-पल मिटने का आभास हुआ  
पर मन के अन्दर मेरा बचपन  
मेरी राह अगोरे बैठा है 
अलमारी के निचले ख़ाने में  
मेरा नन्हा बचपन रूठा बैठा है।   

देकर शुभकामनाएँ मुझको  
मेरा बचपन कहता है आज  
अरमानों के पंख लगा  
वह चाहे उड़ जाए आज  
जो-जो छूटा मुझसे अब तक  
जो-जो बिछुड़ा देकर ग़म  
सब बिसराकर, हर दर्द को धकेलकर  
जा पहुँचूँ उम्र के उस पल पर  
जब रह गया था वह नितान्त अकेला। 
  
सबसे डरकर सबसे छुपकर  
अलमारी के ख़ाने में मेरा बचपन  
मुझसे आस लगाए बैठा है  
आलमारी के निचले ख़ाने में  
मेरा नन्हा बचपन रूठा बैठा है।  

बोला बचपन चुप-चुप मुझसे  
अब तो कर दो आज़ाद मुझको  
गुमसुम-गुमसुम जीवन बीता  
ठिठक-ठिठककर बचपन गुज़रा  
शेष बचा है अब कुछ भी क्या  
सोच-विचार अब करना क्या  
अन्त से पहले बचपन जी लो  
अब तो ज़रा मनमानी कर लो  
मेरा बचपन ज़िद किए बैठा है 
आलमारी के निचले ख़ाने में  
मेरा नन्हा बचपन रूठा बैठा है।   

आज़ादी की चाह भले है  
फिर से जीने की माँग भले है  
पर कैसे मुमकिन आज़ादी मेरी  
जब तुझ पर है इतनी पहरेदारी  
तू ही तेरे बीते दिन है 
तू ही तो अलमारी है  
जिसके निचले ख़ाने में सदियों से मैं छुपा बैठा हूँ 
तुझसे दबकर तेरे ही अन्दर  
कैसे-कैसे टूटा हूँ, कैसे-कैसे बिखरा हूँ  
मैं ही तेरा बचपन हूँ और मैं ही तुझसे रूठा हूँ  
हर पल तेरे संग जिया, पर मैं ही तुझसे छूटा हूँ  
अलमारी के निचले ख़ाने में  
मेरा नन्हा बचपन रूठा बैठा है।

-जेन्नी शबनम (16.11.2015)  
(अपने जन्मदिन पर)
____________________

रविवार, 1 नवंबर 2015

500. उऋण

उऋण 

*******  

कुछ ऋण ऐसे हैं  
जिनसे उऋण होना नहीं चाहती  
वो कुछ लम्हे 
जिनमें साँसों पर क़र्ज़ बढ़ा  
वो कुछ एहसास  
जिनमें प्यार का वर्क चढ़ा  
वो कुछ रिश्ते  
जिनमें जीवन मिला  
वो कुछ नाते  
जिनमें जीवन खिला  
वो कुछ अपने  
जिन्होंने बेगानापन दिखाया  
वो पराए  
जिन्होने अपनापन सिखाया  
ये सारे ऋण  
सर माथे पर  
ये सब खोना नहीं चाहती  
इन ऋणों के बिना  
मरना नहीं चाहती  
ऋणों की पूर्णिमा रहे  
अमावस नहीं चाहती  
ये ऋण बढ़ते रहें  
मैं उऋण होना नहीं चाहती।  

- जेन्नी शबनम (1. 11. 2015)
____________________

रविवार, 25 अक्टूबर 2015

499. नियति-चक्र (10 हाइकु) पुस्तक 75

नियति-चक्र 

*******
 
1. 
अपनी सुने    
नियति मग़रूर,  
मैं मज़बूर    

2. 
बदनीयत   
नियति की नीयत,    
जाल बिछाती   

3. 
स्वाँग करती    
साथी बन खेलती,    
धूर्त नियति    

4. 
नही सुनती  
करबद्ध विनती,  
ज़िद्दी नियति  

5. 
कैसे परखें,     
नियति का जो लेखा     
है अनदेखा  

6. 
खेल दिखाती    
मनमर्ज़ी करती     
दम्भी नियति  

7.   
दुःख देकर    
अट्टहास करती  
क्रोधी नियती   

8.   
नियती-चक्र   
सुख दुःख का वक्र,               
हम हैं मौन  

9. 
कैसी नियती?    
चुप भाग्य विधाता,       
कौन अपना?  

10.  
जादू की छड़ी  
नियती ने घुमाई  
खुशियाँ आई!  

- जेन्नी शबनम (25. 10. 2015)
______________________

बुधवार, 30 सितंबर 2015

498. तुम्हारा इंतज़ार है (क्षणिका) (पुस्तक - 39)

तुम्हारा इंतज़ार है

*******

मेरा शहर अब मुझे आवाज़ नहीं देता  
नहीं पूछता मेरा हाल
नहीं जानना चाहता मेरी अनुपस्थिति की वजह
वक़्त के साथ शहर भी संवेदनहीन हो गया है
या फिर नई जमात से फ़ुर्सत नहीं   
कि पुराने साथी को याद करे
कभी तो कहे- "आ जाओ, तुम्हारा इंतज़ार है!'' 

- जेन्नी शबनम (30. 9. 2015)  
_____________________ 

सोमवार, 21 सितंबर 2015

497. मग़ज़ का वह हिस्सा

मग़ज़ का वह हिस्सा

***

अपने मग़ज़ के उस हिस्से को 
काट देने का मन होता है
जहाँ पर विचार जन्म लेते हैं
और फिर होती है
व्यथा की अनवरत परिक्रमा। 

जाने मग़ज़ का कौन-सा हिस्सा जवाबदेह है
जहाँ सवाल-ही-सवाल उगते हैं, जवाब नहीं उगते
जो मुझे सिर्फ़ पीड़ा देते हैं। 

उस हिस्से के न होने से
न विचार जन्म लेंगे
न वेदना की गाथा लिखी जाएगी
न कोई अभिव्यक्ति होगी 
न कोई भाषा 
न कविता

-जेन्नी शबनम (21.9.2015)
___________________

शनिवार, 18 जुलाई 2015

496. वो कोठरी

वो कोठरी

*******

वो कोठरी   
मेरे नाम की
जहाँ रहती थी मैं, सिर्फ़ मैं 
मेरे अपने पूरे संसार के साथ
इस संसार को छूने की छूट
या इस्तेमाल की इजाज़त किसी को नही थी,
ताखे पर क़रीने से रखा एक टेपरिकार्डर
अनगिनत पुस्तकें और सैकड़ों कैसेट
जिस पर अंकित मेरा नाम
ट्रिन-ट्रिन अलार्म वाली घड़ी
खादी के खोल वाली रज़ाई
सफ़ेद मच्छरदानी
सिरहाने में टॉर्च
लालटेन और दियासलाई 
जाने कब कौन मेरे काम आ जाए,
लकड़ी का एक पलंग और मेज़ 
जो पापा इस्तेमाल करते थे 
अब मेरे अधिकार में था 
ताखे में ज़ीरो पावर का लाल-हरा बल्ब
जिसकी रोशनी में कैमरे का रील साफ़ कर
पापा अपना शौक़ पूरा करते थे
वह लाल-हरी बत्ती सारी रात
मेरी निगहबानी करती थी
दिवार वाली एक आलमारी
जिसमें कभी पापा की किताबें आराम करती थीं
बाद में मेरी चीज़ों को सँभालकर रखती थी,
लोहे का दो रैक
जिसने दीवारों पर टँगे-टँगे  
पापा की किताबों को हटते
और मेरे सामानों को भरते हुए देखा था
लोहे का एक बक्सा
जो मेरी माँ के विवाह की निशानी है  
मेरे अनमोल ख़ज़ाने से भरा
टेबल बन बैठा रहता था,
वह छोटी-सी कोठरी धीरे-धीरे
पापा के नाम से मेरे नाम चढ़ गई
मैं पराई हुई मगर
वह कोठरी मेरे नाम से रह गई,  
अब भी वो कोठरी मुझे सपनों मे बुलाती है
जहाँ मेरी ज़िन्दगी की निशानी है
पापा की कोठरी जो बनी थी कभी मेरी    
अब मेरे नाम की भी न रही 
वो कोठरी
    

- जेन्नी शबनम (18. 7. 2015)
____________________

शुक्रवार, 17 जुलाई 2015

495. दूब (घास पर 11 हाइकु) पुस्तक 73-74

दूब

*******

1.

बारहों मास
देती बेशर्त प्यार
दुलारी घास
   

2.
नर्म-नर्म-सी 
हरी-हरी ओढ़नी  
भूमि ने ओढ़ी    

3.
मोती बिखेरे    
शबनमी दूब पे,  
अरूणोदय
  

4.
दूब की गोद
यूँ सुखद प्रतीति  
ज्यों माँ की गोद
  

5.
पीली हो गई 
मेघ ने मुँह मोड़ा    
दूब बेचारी   

6.
धरा से टूटी
ईश के पाँव चढ़ी
पावन दूभी
  

7.
तमाम रात
रोती रही है दूब
अब भी गीली
  

8.
नर्म बिछौना
पथिक का सहारा
दूब बेसुध
  

9.
कभी आसन
कभी बनी भोजन,
कृपालु दूर्वा  

10.
ठंड व गर्म
मौसम को झेलती
अड़ी रहती !

11.
कर्म पे डटी
कर्तव्यपरायणा,
दूर्वा-जीवन
   

- जेन्नी शबनम (21. 3. 2015)
_____________________